जुबली वेल चौक का जाम बना आम
मुंगेर। शहर के का प्रमुख चौक जुबली वेल प्रशासन के लाख कोशिशों के बावजूद जाम से मुक्त नहीं
मुंगेर। शहर के का प्रमुख चौक जुबली वेल प्रशासन के लाख कोशिशों के बावजूद जाम से मुक्त नहीं हो पा रहा है। हर दिन यहां जाम का दृश्य आम हो गया है। हर दिन लगने वाले जाम से स्कूली बच्चे, कारखाना जाने वाले कर्मी, ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों, समय पर कार्यालय जाने वाले कामकाजी लोग व समय के पाबंद अन्य लोगों को काफी असुविधा व परेशानी का सामना करना पड़ता है। सोमवार को भी सुबह 11 से 12 बजे के बीच जुबली वेल चौराहे के बेतरतीबी से आने जाने वाले वाहनों के कारण लंबा जाम लग गया। जैसे-तैसे दोनों ओर की कई वाहनें गलत यातायात नियम का अनुसरण करने के कारण जाम में फंस गए। देखते-देखते दोनों तरफ से आने वाले अन्य वाहनों की भी कतार खड़ी हो गई। यह स्थिति करीब आधे घंटे तक बनी रही। इस दौरान कई वाहन टस से मस नहीं हो पा रहे थे।
जाम की इस स्थिति में कई महत्वपूर्ण काम से निकले लोग, स्कूली बच्चे व ट्रेन पकड़ने वाले यात्री भी फंस गए। वाहनों को निकलने में इतनी ज्यादा परेशानी हो रही थी कि जमालपुर थाना बल को मौके पर पहुंचना पड़ा। थानाध्यक्ष विश्वबंधु ने जुबली वेल चौराहे पर पहुंचकर वाहनों को सुव्यवस्थित तरीके से दोनों ओर निकाला। इसके बाद किसी तरह जाम खत्म हुआ।