अपराधियों को कभी नही दिया संरक्षण : विधायक
मुंगेर। अपने 30 वर्षो के लंबे राजनीतिक कार्यकाल में कभी भी अपराधियों या भ्रष्ट्राचारियों को न तो संर
मुंगेर। अपने 30 वर्षो के लंबे राजनीतिक कार्यकाल में कभी भी अपराधियों या भ्रष्ट्राचारियों को न तो संरक्षण दिया न ही कभी इनसे कोई वास्ता रखा है। लेकिन फिर भी अगर कोई व्यक्ति उनके नाम का गलत इस्तेमाल करता है तो पहले उसकी खोज कर गिरफ्तार किया जाए फिर उनसे बात की जानी चाहिए। पुलिस अपना काम पहले करे बाद में इन बातों को मीडिया में डाले। उक्त बातें मुंगेर के राजद विधायक विजय कुमार विजय ने परिसदन में पत्रकारों से बात करते हुए कही।
विधायक ने कहा कि दो दिनों पूर्व मीडिया के माध्यम से उन्हें जानकारी हुई कि प्रशिक्षु डीएसपी को किसी ने उनके नाम से धमकी दी है। जबकि उस नाम के व्यक्ति को वे नही जानते हैं। लेकिन ऐसा अगर हुआ भी था तो इसे बेवजह तूल न देकर पहले उसकी खोज कर गिरफ्तारी होनी चाहिए थी, फिर उनसे बातचीत के बाद इसे मीडिया में दिया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि मुंगेर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना उनका अपने सांसद के रूप में कार्यकाल से ही है। अब पुन: मुंगेरवासियों ने एक मौका दिया है तो फिर से प्रयासरत हैं कि मुंगेर को पर्यटन के मानचित्र पर स्थान दिलाएं। इस खातिर एक बार पर्यटन मंत्री से बातचीत हो चुकी है व उन्हे स्थापना दिवस के मौके पर बुलाने का प्रयास कर रहे हैं। इसके अलावे अपने पुराने कार्यकाल के दौरान ही आउटडोर स्टेडियम का शिलान्यास कराया था। उसे पूरा कराने के साथ किला के खाइ में नौका विहार व अन्य अधूरी पड़ी योजनाओं को भी पूरा कराएंगें। इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार यादव, नगर अध्यक्ष सुनील राय, संजय पासवान, हसीबुर रहमान, शहाब मल्लिक सहित अन्य उपस्थित थे।