बोर्ड की बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण पर हुई चर्चा
जमालपुर(मुंगेर) संवाद सहयोगी : नगर परिषद बोर्ड की मासिक बैठक शुक्रवार को मुख्य पार्षद राजेश कुमार उर
जमालपुर(मुंगेर) संवाद सहयोगी : नगर परिषद बोर्ड की मासिक बैठक शुक्रवार को मुख्य पार्षद राजेश कुमार उर्फ दौलत पासवान की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण पर गंभीर चर्चा की गई।
बोर्ड के बीते बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि करने के साथ ही शहर के सौंदर्यीकरण पर चर्चा शुरु हुई। चर्चा के दौरान वार्ड पार्षदों ने शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। वहीं कार्यपालक पदाधिकारी प्रतिभा कुमारी ने पार्षदों से कहा कि पार्क निर्माण हेतु आवंटित राशि को शहर के सौंदर्यीकरण के अन्य मदों में कैसे खर्च किया जाए। वार्ड पार्षद रोहित सिन्हा, अमर शक्ति, मो. जुम्मन आदि ने कहा कि नाला निर्माण, सोलर लाइट व हाई मास्क लाइट लगवाया जाना चाहिए। वार्ड पार्षदों ने शहर के सभी वार्डो के सर्वे को लेकर प्रतिनियुक्त एनजीओ के कार्य पर असंतोष जाहिर किया। बोर्ड ने मेसर्स कामर्स कंप्यूटर द्वारा उपलब्ध कराए गए कर्मियों को अविलंब वापस भेजने का निर्णय लिया। पार्षदों ने कहा जब नगर परिषद की आर्थिक स्थिति ठीक होगी तब कर्मियों को नियुक्ति किया जाएगा। फिलहाल सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को वापस किया जाए। इधर पार्षद अमर शक्ति ने कहा कि लोग घर के निर्माण के दौरान एक इंच जमीन भी नहीं छोड़ते हैं। बाद में सरकारी जमीन का अतिक्रमण करते हैं। वार्ड पार्षद जब इसका विरोध करते हैं, तो लोग पार्षद को ही अपना दुश्मन मान लेते हैं। इस पर सभी पार्षदों ने सहमति जताते हुए कार्रवाई करने की बात कही। बैठक में उपमुख्य पार्षद डॉ. सत्यवती देवी, चित्रलेखा देवी, पिंकी देवी, सावित्री देवी, अशोक कुमार महतो, रामवृक्ष ताती, शैलेन्द्र कुमार, दिलीप हेम्ब्रम, मनोज पासवान , बबलू पासवान, लता देवी आदि मौजूद थे।