विक्षिप्त ने पत्नी को गंडासे से काटा, खुद को आग लगाई
जागरण संवाददाता, मुंगेर : धरहरा थाना क्षेत्र के हेमजापुर ओपी क्षेत्र के दुर्गापुर गांव में बुधवार को लोमहर्षक घटना घटी। गांव के ही निवासी दिलीप सिंह ने पहले गंडासे से अपनी पत्नी के टुकड़े किए, फिर खुद पर भी गंडासे से वार किए। इतने से भी मन नहीं भरा तो खुद को और पत्नी के शव को आग के हवाले कर दिया। दोनों की मौत हो गई। घटना की पुष्टि एसपी वरुण कुमार सिन्हा ने की।
एसपी ने कहा कि दिलीप की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। भागलपुर में उसका इलाज भी चल रहा था। पति-पत्नी के बीच अक्सर लड़ाई-झगड़ा भी होता था। बुधवार को भी किसी बात को लेकर दिलीप का पत्नी से झगड़ा हुआ था। इसके बाद उसने गंडासे से वार कर पत्नी की हत्या कर दी। खुद पर भी उसी गंडासे से वार कर आत्महत्या करने की कोशिश की। बाद में उसने पत्नी के शव और खुद पर केरोसीन छिड़क कर आग लगा दी। जब तक आग पर काबू पाया जाता दिलीप व महिला का शव बुरी तरह से जल गए थे।
घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेजा। एसपी ने कहा कि छह माह पहले भी दिलीप ने ऐसी घटना को अंजाम देने का प्रयास किया था। लेकिन ग्रामीणों के प्रयास से उस समय अनहोनी टल गई थी। मामले की छानबीन की जा रही है।