मुंगेर में 55 पिस्टलें बरामद, दो गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, मुंगेर : पुलिस ने कष्टहरणी गंगा घाट के समीप से बुधवार को दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। तस्करों के पास से 55 पिस्टलें, 54 अतिरिक्त पिस्टल मैगजीनें और एक लाख रुपये नकद बरामद हुए।
एसपी वरुण कुमार सिन्हा ने बताया कि बीते दिनों हावड़ा में एसटीएफ और मुंगेर पुलिस की विशेष टीम द्वारा की गई छापेमारी में नौ मिनी गन फैक्ट्रियां पकड़ी गई थीं। छापेमारी में शामिल पुलिस अधिकारियों को जानकारी मिली थी कि लोकसभा चुनावों को लेकर काफी संख्या में पिस्टलों की डिलीवरी हो चुकी है। बुधवार को मुंगेर से इन हथियारों की आपूर्ति दूसरी जगहों पर होने वाली है। इस पर कोतवाली थानाध्यक्ष मनोज कुमार, रंगदारी सेल के प्रभारी दीपक कुमार के नेतृत्व में सुबह से ही पुलिस ने कष्टहरणी गंगा घाट के समीप घेरेबंदी कर ली। दोपहर में बैग लेकर दो युवक घाट की ओर जाते दिखे। पुलिस को देखकर वे भागने लगे। इस पर पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। पुलिस की गिरफ्त में आए युवक छोटी केलाबाड़ी निवासी मु. शाहनवाज आलम और मु. रसूल हैं।
एसपी ने बताया कि चुनाव के दौरान सभी मेन रूटों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसीलिए हथियार तस्करों ने जल मार्ग का चयन किया था। एसपी ने कहा कि चुनाव के समय में इतनी बड़ी मात्रा में अवैध हथियारों की बरामदगी से यह बात प्रमाणित होती है कि इन हथियारों का उपयोग चुनाव के दौरान किया जाना था। गिरफ्त में आए हथियार तस्करों ने कई अहम जानकारियां दी है। इनके आधार पर अन्य जगहों पर भी छापेमारी की जा रही है।