मासूम बच्चों की परवरिश मुश्किल
'ई की लिखलकै हमरा कपार में भगवान हौ लोक सब'यह कहकर चीत्कार मारते रो रही थी मृतका की मां शनिचरी देवी।
मधुबनी। 'ई की लिखलकै हमरा कपार में भगवान हौ लोक सब'यह कहकर चीत्कार मारते रो रही थी मृतका की मां शनिचरी देवी। फुलपरास अनुमंडल अस्पताल के निकट सड़क दुर्घटना में सबरी देवी की हुई मौत की खबर से अनुमंडल क्षेत्र के घोघरडीहा प्रखंड के बथनाहा गांव में शोक की लहर फैल गई। उसके मां-पापा का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका दो बहनों में बडी़ थी। उसकी छोटी बहन दिव्यांग है। ब्रह्मपुरा बथनाहा पंचायत के बथनाहा निवासी जगलाल मंडल ने अपनी पुत्री का विवाह सुपौल जिले के निर्मली थाना क्षेत्र के रसुआर महुआ निवासी सूर्यनारायण मंडल के पुत्र जितेंद्र कुमार से की थी। उसे दो पुत्री एवं एक पुत्र हैं। सोमवार को सबरी अपने पति, ससुर एवं बच्चे के साथ अपने ससुराल से बाइक से इलाज करवाने झंझारपुर के तमुरिया जा रही थी। लेकिन फुलपरास में टेंपो की ठोकर से उसकी मौत घटना स्थल पर ही हो गई। जबकि उनके ससुर सूर्यनारायण मंडल एवं एक वर्षीय पुत्र को गंभीर हालात में डीएमसीएच ले जाया गया है। उक्त हृदय विदारक घटना की जानकारी से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।