नीतीश कुमार बिहार को छोड़कर यूपी में हाथ-पैर मार रहे : विनोद
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को शराबबंदी प्रचार को अपने पक्ष में करने के लिए सनक सवार हो गया है।
मधुबनी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को शराबबंदी प्रचार को अपने पक्ष में करने के लिए सनक सवार हो गया है। अब सीएम कहते है कि पड़ोस में शराब मिलेगी तो पड़ोसी की गिरफ्तारी होगी भाजपा शराबबंदी के पक्ष में है लेकिन इस तरह के सनक के खिलाफ है। पंचायत में शराब मिलने पर मुखिया जिम्मेवार होंगे तो क्या मंत्री व विधायक के क्षेत्र में शराब मिलने पर सीएम मंत्री व विधायक की गिरफ्तारी कर पाएंगे। उक्त बातें बिहार भाजपा के मुख्य प्रवक्ता सह विधान पार्षद विनोद नारायण झा ने शुक्रवार को बनकट्टा गांव में प्रेसवार्ता में कहीं। उन्होंने कहा कि सीएम आज देश भर में अपना ब्रांड का प्रचार कर घूम रहे हैं। बिहार में हुए मेरिट घोटाला नीतीश सरकार के कारनामें की कलई खोलकर रख दी है। श्री झा ने कहा कि नीतीश कुमार बिहार को छोड़कर यूपी में हाथ-पैर मार रहे हैं। बिहार की हालात यह है कि बजट के बाद तिमाही व्यय रिपोर्ट जारी हुआ है जिसमें 71 हजार 501 करोड़ योजना व्यय में 5 हजार 119 करोड़ खर्च हुआ है। अस्पतालों में दवा नहीं है। अपनी गलती को छिपाने के लिए राज्य की सरकार मंत्री केंद्र पर आरोप लगा रहे हैं। मौके पर भाजपा नेता प्रो. मदन कुमार कर्ण, शैलेंद्र कुमार झा, बसंत ठाकुर, अमरनाथ प्रसाद, विमल झा सहित कई लोग मौजूद थे।