दोहरी हत्याकांड से हर कोई स्तब्ध
नगर थाना क्षेत्र के भच्छी दोहरी हत्याकांड ने स्थानीय लोगों सहित आसपास के लोगों को सकते में डाल दिया है।
मधुबनी। नगर थाना क्षेत्र के भच्छी दोहरी हत्याकांड ने स्थानीय लोगों सहित आसपास के लोगों को सकते में डाल दिया है। घटना के आरोपित का कुत्ता भौंकने से उत्पन्न विवाद देखते ही देखते पूरे गांव को भौचक कर दिया। मामूली सी विवाद में भोला सहनी व उसकी पुत्री आरती देवी की निर्मम हत्या की घटना से हर कोई स्तब्ध रह गए। हर कोई इस दर्दनाक घटना पर अफसोस जाहिर कर रहे थे। लोगों में आरोपित के प्रति गुस्सा स्पष्ट दिख रहा था। यही कारण रहा कि आरोपित को पकड़ने के ख्याल से लोगों ने उसके घर को आग के हवाले कर दिया। जल रहे घर से आरोपित को बाहर निकलने के इंतजार में लोग चारों ओर से घेरे रखा। आखिर करीब दो घंटे तक जल रहे घर के बीच आरोपित या फिर उसके अन्य परिजनों को घर से बाहर निकलते नहीं देखे जाने पर लोग तरह-तरह की आशंका व्यक्त कर रहे थे। हालांकि सूत्रों का मानें तो घटना स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को पहुंचने के बाद आक्रोशित लोगों को हटाने के साथ आरोपित व उसके परिजनों को अपने कब्जे में ले लिया गया। लेकिन इसकी पुष्टि पुलिस प्रशासन द्वारा औपचारिक तौर पर नहीं हो सकी थी।