किसानों का मनोबल तोड़ रही राज्य सरकार: हुक्मदेव
मधुबनी, संस : संसद में कृषि संबंधी स्थायी समिति के सभापति एवं भाजपा नेता हुक्मदेव नारायण यादव ने प्र
मधुबनी, संस : संसद में कृषि संबंधी स्थायी समिति के सभापति एवं भाजपा नेता हुक्मदेव नारायण यादव ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा है कि बिहार सरकार किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है और उनका मनोबल तोड़ने पर लगी है। राज्य खाद्य निगम के पास भंडारण क्षमता नहीं है। निजी क्षेत्र में भी सरकारी सहायता पर गोदाम नहीं बन पा रहा है। राज्य में उत्पादन में गुणात्मक वृद्धि हो सकती है लेकिन पहले उसी अनुपात में भंडारण की क्षमता में वृद्धि करनी होगी। श्री यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अनुरोध किया कि वे केवल राजनीतिक प्रबंधन में ही नही लगे रहे बल्कि किसानों की समस्या पर भी ध्यान दें। श्री यादव ने कहा कि भारत के जो राज्य विकसित हो चुके हैं वहां अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रीयता और स्वच्छता है। बिहार में जातिवादी राजनीति ने अनुशासनहीनता और सामाजिक उद्दंडता को बढ़ावा दिया है। सरकारी कार्यालयों में काम करने का वातावरण नहीं है। अकारण राजनैतिक दवाब और प्रभाव के कारण प्रशासन में अक्षमता और भ्रष्टाचार है। भ्रष्ट और कामचोर तथा चापलूस अफसरों को संरक्षण मिल जाता है। बिहार को इस दलदल से निकलने के लिए गांधी, लोहिया, और दीनदयाल की नीतियों और आदर्शों पर चलना होगा। उठो, जागो और बिहार बचाओ के संकल्प के साथ राज्य की जनता को आगे आना होगा।