बौद्धिक क्षमता के लिए खेलकूद जरूरी
मधेपुर (मधुबनी), संस : स्थानीय बीआरसी पर शिक्षा विभाग के निर्देश के आलोक में बिहार सब-जूनियर स्पोर्
मधेपुर (मधुबनी), संस : स्थानीय बीआरसी पर शिक्षा विभाग के निर्देश के आलोक में बिहार सब-जूनियर स्पोर्ट्स मीट कार्यक्रम के तहत प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन बीआरपी निर्मल कुमार, प्रदीप कुमार निराला तथा सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि छात्र-छात्राओं के शारीरिक विकास व बौद्धिक क्षमता के लिए खेलकूद जरूरी है। बदलते परिवेश में इसका विस्तार ग्रामीण स्तर तक किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। छात्र-छात्राओं के बीच खेल प्रतियोगिताओं में दौड़, उंची कूद, लंबी कूद तथा पेंटिंग, क्वीज व संगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रखंड के 14 संकुलों से आये वैसे छात्र-छात्राओं ने भाग लिया जो संकुल स्तरीय प्रतियोगिता में सफल हुए थे। 100 मीटर की दौड़ में मध्य विद्यालय प्रसाद के वर्ग आठ के छात्र नीतीश कुमार महतो, इसी विद्यालय के वर्ग आठ की छात्रा दिव्या कुमारी ने बाजी मारी। 400 मीटर की दौड़ में कन्या मध्य विद्यालय मधेपुर के गिरधर कुमार झा तो छात्रा वर्ग में प्रसाद मध्य विद्यालय के आशा कुमारी ने बाजी मारी। लंबी कूद में सूड़ी समाज मध्य विद्यालय मधेपुर के सरिता कुमारी तथा मध्य विद्यालय प्रसाद के संतोष सिंह ने जीत दर्ज की। उंची कूद में कन्या मध्य विद्यालय मधेपुर के आशिक रजा तथा रहुआ संग्राम मध्य विद्यालय के स्वीटी कुमारी ने जीत हासिल की। इस मौके पर नीरज कुमार झा, भारत भूषण, मनोज कुमार साफी, रामकिशोर प्रसाद, कमल नारायण ठाकुर, संतोष झा, सोहेल अहमद सहित सभी संकुल समन्वयक उपस्थित थे।