लडूगांव निवासी राशन कार्ड से वंचित, आक्रोश
जागरण संवाददाता, मधुबनी : जिले के राजनगर प्रखंड क्षेत्र के भटसिमर पूर्वी पंचायत स्थित लडूगांव में अब
जागरण संवाददाता, मधुबनी : जिले के राजनगर प्रखंड क्षेत्र के भटसिमर पूर्वी पंचायत स्थित लडूगांव में अब तक खाद्य सुरक्षा योजना के तहत राशन कार्ड का वितरण नहीं किया गया है। लडूगांव स्थित वार्ड 10 तथा वार्ड 11 के करीब 300 परिवार अब तक राशन कार्ड से वंचित हैं। जिस कारण इन्हें खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। इस कारण ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। इधर भटसिमर पूर्वी पंचायत के पूर्व मुखिया सत्यनारायण यादव ने बताया कि उक्त समस्या की ओर प्रखंड प्रशासन से लेकर जिला प्रशासन तक का ध्यान कई बार खींचा गया, लेकिन अब तक इस समस्या का समाधान करने में प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हुआ है। जिस कारण अब आंदोलन के सिवा दूसरा चारा नहीं बच गया है। उन्होंने कहा कि अगर जिला व प्रखंड प्रशासन शीघ्र लडूगांव के वार्ड नं. 10 व 11 के निवासियों को खाद्य सुरक्षा योजना के तहत राशन कार्ड उपलब्ध नहीं कराया जो मुहर्रम के बाद जनतांत्रिक तरीके से कभी भी उग्र चरणबद्ध आंदोलन शुरु कर दिया जाएगा। पूर्व मुखिया सत्यनारायण यादव ने कहा कि लडूगांव में अधिकांश आबादी महादलितों व दलितों की है। इनके जीविका का आधार मजदूरी है। ये सभी गरीबी रेखा से नीचे बसर करते हैं। फिर भी अब तक इनलोगों को राशन कार्ड उपलब्ध नहीं कराया गया है। जिस कारण इन लोगों के बीच काफी आक्रोश है। श्री यादव ने प्रशासन को अगाह किया है कि अगर तत्काल इन लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो एक विशाल जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा, जिसकी सारी जवाबदेही प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि जन आंदोलन में धरना, प्रदर्शन, मशाल जुलूस से लेकर सामूहिक अनशन तक शामिल होगा। उन्होंने यह भी कहा कि भटसिमर पूर्वी पंचायत के अन्य वार्डो में भी अधिकांश गरीब परिवारों को अब तक राशन कार्ड उपलब्ध नहीं कराया गया है। जबकि इस ओर बार-बार प्रशासन का ध्यान खींचा जा चुका है। पूर्व मुखिया श्री यादव ने बताया कि अब वह चुप बैठने वाले नहीं है। जनहित में वे इस समस्या के खिलाफ सड़क पर उतरने को तैयार हैं।