आज सजेंगी दीपो की लड़ियां
मधुबनी, संस : आज गुरुवार को प्रकाशोत्सव का पर्व दीपावली को लेकर संपूर्ण हिस्सों में उल्लास के वातावर
मधुबनी, संस : आज गुरुवार को प्रकाशोत्सव का पर्व दीपावली को लेकर संपूर्ण हिस्सों में उल्लास के वातावरण में भगवान गणेश-लक्ष्मी की पूजा-अर्चना करेंगे। संध्याकाल में लोग अपने घरों पर दीपमाला के बीच रंग-बिरंगे झालर की चकाचौंध में रंगोली तैयार कर मां लक्ष्मी के आगमन में पलकें बिछाए रहेंगे। दीपावली के खुशनुमा माहौल में लोग नए कपड़ों में लक्ष्मी पूजा का अनुष्ठान पूरा कर मिठाइयां बांटेंगे। घर की महिलाएं तरह-तरह के व्यंजनों को बनाने में व्यस्त रहेंगी। बच्चे तो आतिशबाजी के उत्साह में अभी से ही नजर आ रहे हैं। दीपावली की तैयारी को लेकर बुधवार की देर संध्या तक बाजार में लोगों की भारी भीड़ बनी रही। संध्याकाल में छोटी दीपावली मनाई गई। लोग अपने घरों के आगे दीप जलाए।
बाक्स
मिठाई की बिक्री जोरों पर
मधुबनी, संस : दीपावली को लेकर शहर में मिठाई की बिक्री जोरों पर रही। दीपावली पूजा में प्रसाद के लिए बुंदिया लड्डू के अलावा बालुशाही, छेना मिठाई, गोंद लड्डू, काजू बर्फी, बताशा सहित अन्य मिठाई की मांग जोरों पर रही है। दीपावली पर जिले के विभिन्न मिठाई दुकानों पर 20 लाख से अधिक राशि की मिठाई बिक्री का अनुमान है।
नए किस्म के पटाखा खोजते रहे बच्चे
मधुबनी, संस : दीपावली को लेकर शहर के पटाखा दुकानों पर खरीदारों में खासकर युवाओं तथा बच्चों की खास भीड़ देखी गई। पटाखा दुकानों पर फुलझड़ी, अनार, राकेट, चक्र, बम के अलावा नए किस्म के हैप्पी दीपावली, शुभ छठ व गुड़िया नामक पटाखा की मांग काफी देखी गई। इसका मूल्य 450 रुपये प्रति पीस बताए गए। वहीं अन्य पटाखों में फुलझड़ी 15 से 250, अनार 65 से 250, राकेट 100 से 300 रुपये प्रति पैकेट के दर पर बिक्री किए जाते रहे।
काली पूजा की भी तैयारी
मधुबनी, संस : दीपावली पर लक्ष्मी पूजा के साथ ही काली पूजा की तैयारी देर रात तक चलती रही। शहर के थाना चौक के अलावा रहिका के धनुषी सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में काफी धूमधाम से काली पूजा का आयोजन किया गया है। इसको लेकर जगह-जगह भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है।
बाक्स
आतिशबाजी के समय बरतें सावधानी
मधुबनी, संस : दीपावली पर आतिशबाजी में हुई चूक से कई बच्चे मामूली रूप से जल जाते हैं। कई बार तो बच्चे गंभीर रूप से जलने के कारण महीनों तक उन्हें अस्पताल में भर्ती रहना पड़ता है।
'दीपावली किसी भी प्रकार की अनहोनी के मद्देनजर अस्पताल के बर्न विभाग को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखा गया है।'
- डा. ओमप्रकाश प्रसाद
सिविल सर्जन
'आतिशबाजी के दौरान पटाखा से मामूली रूप से जलने पर जले हुए अंग को ठंडा पानी में रखना चाहिए। जलन कम होने के बाद जले हुए अंग पर सिलवर सल्फाडायजिन नामक मलहम लगाने के बाद स्थानीय चिकित्सक से संपर्क कर सलाह लेना चाहिए।'
डा. आरके दास
'दीपावली किसी भी प्रकार की अगलगी की घटना पर काबू के लिए स्थानीय फायर स्टेशन पूरी तरह तैयार है। अगलगी की किसी प्रकार की घटना की सूचना फायर स्टेशन फोन नं. 06276-226351 पर जानकारी दी जा सकता है।'
- अशोक कुमार सिंह
प्रभारी, फायर स्टेशन
'दीपावली को देखते हुए नप विशेष सफाई अभियान चलाकर शहर को पूरी तरह स्वच्छ कर दिया गया है।'
- जटाशंकर झा,
कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद
------------------
बाक्स में
बिजली का भी साथ देने की उम्मीद
मधुबनी, संस : दीवाली के अवसर पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति को ले विभाग ने कमर कस ली है। इसके लिए शहर के सभी ट्रांसफार्मरों का फ्यूज दुरुस्त किया जा रहा है। दीवाली के दिन ट्रांसफार्मरों के फ्यूज उड़ने पर त्वरित विद्युत बहाल के लिए जगह-जगह कर्मी तैनात किए गए हैं। सब कुछ ठीक रहा तो शहर वासी को दीवाली के दिन भरपूर बिजली मिलने की उम्मीद की जा रही है।