पर्व के मद्देनजर पदाधिकारियों की छुट्टी रद
जागरण संवाददाता, मधुबनी : दीपावली, काली पूजा, लक्ष्मी पूजा, छठ पर्व तथा मुहर्रम के मद्देनजर जिला पदा
जागरण संवाददाता, मधुबनी : दीपावली, काली पूजा, लक्ष्मी पूजा, छठ पर्व तथा मुहर्रम के मद्देनजर जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, डीसीएलआर, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों तथा मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारियों का अवकाश तत्काल प्रभाव से रद कर दिया है। इस संबंध में डीएम ने आदेश भी जारी कर दिया हैं। इस बाबत जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि दीपावली, काली पूजा व लक्ष्मी पूजा 23 अक्टूबर को, छठ पूजा 29 व 30 अक्टूबर को तथा मुहर्रम 04 नवंबर को मनाया जाएगा। इस अवसर पर विधि-व्यवस्था व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़े पैमाने पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारियों व पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की जाती है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यह जिला पूर्व से ही सांप्रदायिक दृष्टिकोण से अतिसंवेदनशील है, जिस कारण जिला प्रशासन को पूरी तरह सचेष्ट रहने की आवश्यकता है। इसी आलोक में उक्त पर्वो के मद्देनजर सभी प्रकार के अवकाश को रद कर दिया गया है। विशेष परिस्थिति में विशिष्ट कारण पाए जाने पर संबंधित एसडीओ की अनुशंसा पर डीएम द्वारा अवकाश स्वीकृति पर विचार किया जाएगा। डीएम ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा की जाती है कि वे अनावश्यक रुप से अवकाश की याचना नहीं करेंगे।