प्रशिक्षित किए गए पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट
जागरण संवाददाता, मधुबनी : स्थानीय वाट्सन मध्य विद्यालय में सोमवार को पैक्स चुनाव में प्रतिनियुक्त किए गए पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट को लॉ एंड ऑर्डर के बारे में विस्तार से बताया। मतदान के दिन किस तरह विधि-व्यवस्था व शांति बनाए रखा जाए, इसके बारे में भी बताया गया। प्रशिक्षकों ने पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेटों से कहा कि मतदान के दिन उन्हें मतदान प्रारंभ होने से दो-तीन घंटे पूर्व मतपत्र मतदान केन्द्र पर हरहाल में पहुंचा देना है। प्रशिक्षकों ने पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट को यह भी जानकारी दी कि मतपत्र प्राप्त करते समय वे मतपत्र के पैकेट को देखकर संतुष्ट हों ले कि जिस मतदान केन्द्र के लिए वे मतपत्र ले रहे हैं, यह मतपत्र पैकेट उसी मतदान केन्द्र का है। ऐसा न हो कि हड़बड़ी में किसी अन्य मतदान केन्द्र का मतपत्र पैकेट प्राप्त कर लिया जाए। प्रशिक्षकों ने यह भी जानकारी दी की पंचायत का जो नाम है वहीं पैक्स का भी नाम है। उदाहरण देते हुए बताया कि राजनगर प्रखंड क्षेत्र स्थित भटसिमर पूर्वी पंचायत का नाम पैक्स चुनाव में भटसिमर पूर्वी पैक्स कहलाएगा। इसी प्रकार अन्य पंचायत का जो नाम है वहीं पैक्स का भी नाम है। प्रशिक्षकों ने पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट को मतदान केन्द्र पर विधि-व्यवस्था व शांति बनाए रखने का भी गुर सिखाया। कहा कि बूथों पर मतदाताओं को कतारबद्ध किया जाना है। बूथ के आस-पास अनावश्यक भीड़ नहीं जुटने देना है। इस बात का भी तहकीकात करना है कि कमजोर वर्ग के मतदाताओं को कोई डरा-धमका तो नहीं रहा है। मताधिकार का प्रयोग करने से किसी मतदाता को कोई रोक तो नहीं रहा है। अपने पक्ष में मतदान कराने के लिए कोई प्रत्याशी या उनके समर्थक किसी मतदाता को प्रलोभन तो नहीं दे रहे हैं। प्रशिक्षकों ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष व निर्भीक मतदान में पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है।
यह प्रशिक्षण कार्यशाला दो पालियों में संपन्न किया गया। पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों में विनय कांत झा, पवन कुमार लाल कर्ण, प्रेमनाथ ठाकुर, बद्री नारायण चौधरी, अनिल कुमार, मो. मोनाजिर अहसन, अशोक कुमार चौधरी, एजाज अहमद, अव्यय कुमार,अफाक अहमद, मो. साबिर हुसैन, राकेश कुमार ठाकुर आदि शामिल थे।
पोलिंग पार्टियों तथा पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट को जिलास्तरीय प्रशिक्षण देने के उपरांत अब प्रथम चरण के मतगणना के लिए प्रतिनियुक्त मतगणना कर्मियों को 24 सितंबर 2014 को जिलास्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। मतगणना कर्मियों को भी वाट्सन मध्य विद्यालय में ही प्रशिक्षण दिया जाएगा।