सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने पर बल
बिस्फी (मधुबनी), संस : प्रखंड मुख्यालय स्थित टीपीसी सभागार में शांति समिति की बैठक एसडीओ मिथिलेश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य रूप से सावन माह में भैरवा स्थित उगना शिवालय में शांतिपूर्ण जलाभिषेक एवं रमजान पर्व पर विमर्श किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ ने कहा कि गत वर्ष जलाभिषेक शांतिपूर्वक संपन्न हुआ था। इसके लिए प्रशासन को बहुत मशक्कत करना पड़ी थी। व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई लोगों को जेल भी जाना पड़ा। यह अच्छी बात नहीं है। उन्होंने सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की। डीएसपी ने कहा कि इस बार अतिरिक्त पुलिस बल की ज्यादा व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरा, मेंटल डिटेक्टर भी लगाए जाएंगे। हम असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर पैनी नजर रखेंगे। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीसीएलआर एके पंकज, पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल, दिनेश भगत, बीडीओ मिथिलेश कुमारी, सीओ नवीन कुमार चौधरी, मो. मुमताज, शालिग्राम यादव, मो. मुन्ना ने भी अपने विचार व्यक्त किए।