क्या आप जानते हैं?- बेनीपट्टी में 36.47 फीसदी ही पड़े थे वोट
जागरण संवाददाता, मधुबनी : 2009 के लोकसभा चुनाव में झंझारपुर व मधुबनी के वोटरों ने कोई खास उत्साह नहीं दिखाया था। जिस कारण मधुबनी लोकसभा क्षेत्र में 39.34 फीसदी व झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र में 42.81 प्रतिशत ही वोट पड़े थे। हालांकि इस चुनाव में पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने बढ़चढ़ कर मतदान किया। इन दोनों लोकसभा क्षेत्रों में औसतन 38.43 फीसदी पुरुष व 44.49 फीसदी महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। 2009 में मधुबनी लोकसभा क्षेत्र में 13,95,670 वोटरों में से 5,50,471 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। जबकि झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र में 14,18,563 वोटरों में से 6,07,218 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
मधुबनी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले कुल छह विधान सभा क्षेत्रों में से बेनीपट्टी विस क्षेत्र में सबसे कम वोट पड़े थे। बेनीपट्टी विस क्षेत्र में महज 36.47 फीसदी वोट ही पड़े थे। जिले में सबसे कम मतदान बेनीपट्टी विस क्षेत्र में ही हुआ था। जबकि मधुबनी लोकसभा के अधीनस्था विधान सभाओं में शामिल हरलाखी में 42.76, बिस्फी में 40.17, मधुबनी में 38.21, केवटी में 41.39 व जाले में 38.18 फीसदी ही वोट पड़े थे।
जबकि झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र में शामिल छह विधान सभाओं में सबसे अधिक 46.10 फीसदी वोट बाबूबरही विधान सभा में पड़े थे। इसके अलावा इस लोकसभा क्षेत्र के अधीनस्थ विधान सभा खजौली में 45.47, राजनगर में 37.06, झंझारपुर में 39.68, फुलपरास में 42.72 व लौकहा में 45.28 फीसदी वोट पड़े थे।