प्रमुख छठ घाटों की होगी वीडियोग्राफी
मधुबनी, एक प्रतिनिधि : हुंकार रैली के दौरान घटी आतंकी घटना से सबक लेते हुए लोक आस्था का महापर्व छठ पर पुलिस काफी सतर्कता व चौकसी बरत रही है। शांतिपूर्ण माहौल में छठ पर्व संपन्न हो सके तथा इस पावन मौके पर कोई अप्रिय घटना नहीं घटे, इसे लेकर पुलिस प्रशासन काफी गंभीर है। प्रमुख छठ घाटों की सुरक्षा इस कदर करने की योजना है कि बिना इजाजत परिंदा भी पर नहीं मार सके। इस बार लोक आस्था का महापर्व छठ पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच हो रही है। जिले में यह पहला मौका है जब छठ पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन इतनी चौकसी रख रही है। सतर्कता भी बरत रही है। छठ घाटों पर किसी अजनबी व संदिग्ध लोगों के दिखाई देने पर इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना पुलिस को देने हेतु लोगों से पुलिस प्रशासन ने अपील की है। वहीं बम निरोधक दस्ता को बुलाकर छठ घाटों का गहन निरीक्षण कराया जा रहा है। इधर पुलिस अधीक्षक रंजीत कुमार मिश्र ने बताया कि बम निरोधक दस्ता को मंगाकर छठ घाटों का जायजा लिया जा रहा है। नगर थाना, पंडौल, सकरी, बिस्फी, बेनीपट्टी आदि थाना क्षेत्रों स्थित छठ घाटों की जांच बम निरोधक दस्ता द्वारा कराया जा रहा है। इसके अलावा छठ घाटों एवं इसके आस-पास सादे वेश में तैनात रहकर पुलिस के जवान निगरानी करेंगे। इतना ही नहीं उंचे पेड़, मकान की छत, टावर आदि से भी पुलिस के जवान छठ घाटों की निगरानी करेंगे। संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखेंगे। इतना ही नहीं प्रमुख छठ घाटों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। इसके अलावा जिले को प्राप्त 18 नयी जीप के अलावा बाइक से भी पुलिस गश्त लगाएगी। एसपी रंजीत कुमार मिश्र ने बताया कि उनके आवासीय कार्यालय के अलावा डीएम के आवासीय कार्यालय में भी जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि सभी थानाध्यक्षों को शांतिपूर्ण माहौल में छठ पर्व संपन्न कराने हेतु सख्त निर्देश दिया गया है। अवांछित व असमाजिक तत्वों, वारंटियों के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश थानाध्यक्षों को दिया गया है। शराब के अवैध विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई का भी निर्देश दिया गया है।
बाक्स के लिए -
बम निरोधक दस्ता ने लिया छठ घाटों का जायजा
मधुबनी, एक प्रतिनिधि : बम निरोधक दस्ता ने गुरुवार को कई छठ घाटों का जायजा लिया। यह अभियान शुक्रवार को भी जारी रहेगा। जानकारी के अनुसार दरभंगा के बम निरोधक दस्ता समस्तीपुर में छठ घाटों की जांच करने के बाद गुरुवार को मधुबनी पहुंचे। इस तीन सदस्यीय बम निरोधक दस्ता में हवलदार मुक्तिनाथ सिंह, सिपाही चन्द्रशेखर पासवान व मनोज कुमार चौधरी थे। यह बम निरोधक दस्ता गुरुवार को पंडौल, सकरी, नगर थाना क्षेत्र स्थित कई छठ घाटों का जायजा लिया। शहर स्थित काली मंदिर गंगासागर छठ घाट समेत कई छठ घाटों की सघन जांच की। मौके पर नगर थाना के एएसआई तारकेश्वर राय भी थे। बम निरोधक दस्ता माइंस सुपर, एनएलजेडई उपकरण के सहारे छठ घाटों की जांच कर रहे थे। हवलदार मुक्ति नाथ सिंह ने बताया कि जमीन के अंदर पांच फीट नीेचे छुपाकर रखे किसी मेटल का पता भी इस उपकरण से लग सकता है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर