रैली ने बढ़ाई सरगर्मी
मधेपुरा [धर्मेद्र भारद्वाज]। कोसी की हवाओं में राजनीति तैर रही है। कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर
मधेपुरा [धर्मेद्र भारद्वाज]।
कोसी की हवाओं में राजनीति तैर रही है। कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर उत्साह बढ़ने लगी है। लगातार हो रही रैली ने भी चुनाव की सरगर्मी तेज कर दी है। मधेपुरा में जहां भाजपा सेंध मारी करना चाह रही है वहीं महागठबंधन सीट बचाने की रणनीति तैयार कर रही है। आरा, गया, सहरसा के बाद अब भागलपुर में हो रही नमो की रैली से जहां राजग गठबंधन उत्साह से लबरेज है। वहीं स्वाभिमान रैली ने महागठबंधन कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है। देखना है कि यह जोश चुनाव में कितना काम करता है। लेकिन दूसरी ओर जनता की बात करें तो रैली का असर उनपर अधिक नहीं है। भले कुछ लोग रैली के बातों से प्रभावित हो रहे हैं लेकिन अधिकतर लोग अभी पत्ता नहीं खोल रहे।
पाला बदल रहे नेताओं से भी बदल रही स्थिति
कोसी के नेता लगातार पाल बदल रहे हैं। जदयू से मंत्री रही व वर्तमान में बिहारीगंज विधायक रेणु कुशवाहा ने 29 अगस्त को भाजपा से नाता जोड़ लिया। इसी प्रकार कुछ दिन पहले जदयू नेता व पूर्व नप अध्यक्ष विजय कुमार विमल ने भी भाजपा से नाता जोड़ा। सूची लंबी है। पूर्व मंत्री रविंद्र चरण यादव, अमित भारती व ज्योति मंडल भी राजद से भाजपा में शामिल हुए हैं। नेताओं के बदलते पाला से भी तस्वीर बदलने की बात यहां के राजनीतिज्ञ कह रह हैं।
रैली के बहाने ताकत दिखाने की मची है होड़
मधेपुरा में रैली में भीड़ ले जाने को लेकर होड़ मची हुई है। अधिक से अधिक लोग रैली स्थल पर पहुंचे इसके लिए सक्षम नेता वाहन की व्यवस्था करते हैं। अपने नाम का बैनर लगाते हैं ताकि स्थल पर अपनी ताकत दिखा सकें।