बारिश ने फूंकी फसलों में जान, नाच रहे हैं किसान
संवाद सूत्र, मधेपुरा : जिले में असमय हो रही बारिश ने किसानों के लिए खुशियों का संदेश लाया है। दरअसल
संवाद सूत्र, मधेपुरा : जिले में असमय हो रही बारिश ने किसानों के लिए खुशियों का संदेश लाया है। दरअसल बारिश के चलते जहां किसान खुशियों से झूम रहे हैं। वहीं कृषि विभाग के पदाधिकारियों ने भी राहत की सांस ली है। किसानों को जहां अच्छी फसल होने की उम्मीद जग गई है। वहीं जिला कृषि पदाधिकारी आरके राय यह सोचकर खुश हैं कि बारिश के कारण सरकार द्वारा जिले में निर्धारित गेहूं की फसल का लक्ष्य आसानी आसानी से पूरा हो जाएगा।
क्या कहते हैं कृषि पदाधिकारी : जिला कृषि पदाधिकारी आरके राय का कहना है कि सबेरे से हो रही बारिश ने सभी फसलों में जान फूंक दी है। चाहे गेहूं की फसल हो या फिर मक्का, ईख, चना, मसूर, सरसों समेत अन्य फसल। बारिश होने से काफी लाभ हुआ है। हालांकि यह कोई मायने नहीं रखता है कि बारिश कम हुई है। किंतु यह महत्वपूर्ण है कि बारिश के कारण फसलों के लिए अपेक्षित बना वातावरण फसलों में जान फूंक दिया है। इससे वैसे किसानों को भी लाभ हुआ है, जो पटवन में लगने वाले डीजल पर राशि खर्च करते थे।
क्या कहते हैं कृषि वैज्ञानिक : जिला कृषि विज्ञान केन्द्र में पदस्थापित वरीय वैज्ञानिक डॉ. विजय कुमार जायसवाल कहते हैं कि बारिश इस मौसम में होने वाले फसलों के लिए लाभकारी है। किंतु अधिक बारिश होने के कारण आम की फसल को क्षति हो सकती है। उन्होंने कहा कि आजकल आम की फसल में मंजर लग रहे हैं। अगर हवा के साथ अधिक बारिश हुई तो संभावना है कि आम की फसल में फल नहीं बनेगा फलत: आम की फसल का उत्पादन कम हो जाएगा।
क्या कहते हैं किसान :
किसान जयराम यादव, अनिल कुमार यादव, महेश कुमार मधुकर आदि का कहना है कि इस समय गेहूं के फसल में फूल लगना शुरू हुआ है। खेत में नमी की जरूरत है। लगातार बीस घंटे से हो रही बारिश ने गेहूं की खेत से गायब नमी को वापस कर दिया है। इसलिए किसानों को इससे काफी लाभ हो रहा है।