मुरलीगंज के मध्याह्न भोजन का 120 बोरी चावल बरामद, प्राथमिकी
कुमारखंड, मधेपुरा, संवाद सहयोगी : कुमारखंड थाना के रौता रोड में मध्याह्न भोजन का 120 बोरी चावल प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने संदेह के आधार पर जब्त कर लिया। इस बाबत कुमारखंड थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार गुरूवार की रात करीब साढ़े सात बजे प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नागेश्वर मंडल रौता पंचायत के जन वितरण दुकानों का निरीक्षण कर प्रखंड मुख्यालय लौट रहे थे। इसी दौरान कुमारखंड बाजार से आधा किलो मीटर पश्चिम गंगापुर उप-वितरणी नहर के पश्चिम रौता की ओर से चावल लदे ट्रैक्टर को जाते समय संदेह के आधार पर रोक कर चालक से पूछताछ शुरू कर दी। इस दौरान चालक ने एमओ को बताया कि यह चावल बिहार राज्य खाद्य निगम मुरलीगंज के भंडार से लाया गया है और रौता बाजार ले जाया जाएगा। इस संबंध में पूछताछ की गई तो चलान नहीं होने और मालिक को मोटर साइकिल से रौता चले जाने की बात कहकर चावल लदा वाहन छोड़कर भाग गया। इससे एमओ को संदेह बढ़ गया और उन्होंने बिहार राज्य खाद निगम के सहायक प्रबंधक कामेश्वर प्रसाद यादव से संपर्क कर जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि ट्रैक्टर नंबर बीआर - 43-3598 महेन्द्रा सरपंच पर मुरलीगंज प्रखंड के मध्याह्न भोजन योजना का 120 बोरी चावल संवेदक अजय कुमार झा पिता कालीकांन्त झा शिवपुरी वार्ड नम्बर नौ अररिया और प्रखंड साधन सेवी मध्याह्न भोजन अरूण कुमार पिता योगेन्द्र प्रसाद यादव ग्राम लक्ष्मीनियां थाना गम्हरिया द्वारा उठाव किया गया है।
इस संबंध में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नागेश्वर मंडल ने कुमारखंड थाने में कांड संख्या 171 वर्ष 2014 धारा 7 एसी के तहत संवेदक एवं साधन सेवी के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके साथ ही जब्त किये गये ट्रैक्टर समेत 120 बोरा चावल भी थाने को समर्पित कर दिए। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।