मस्जिद व ईदगाहों पर रहेगा पुलिस का पहरा
लखीसराय। मुसलमानों का महत्वपूर्ण पर्व ईद-उल-फितर 26 जून को मनाए जाने की संभावना है। जिला प्रश्
लखीसराय। मुसलमानों का महत्वपूर्ण पर्व ईद-उल-फितर 26 जून को मनाए जाने की संभावना है। जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी क्षेत्रों में विशेष सुरक्षात्मक एवं प्रशासनिक सतर्कता की तैयारी की है। उधर राज्य पुलिस मुख्यालय ने पर्व को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है तथा पुलिस अधीक्षक को ईद पर्व के दौरान विशेष चौकसी बरतने का आदेश जारी किया है। इधर जिले में शांति पूर्वक ईद पर्व मनाने को लेकर जिला प्रशासन ने 54 संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारी के साथ सशस्त्र पुलिस की तैनाती की है। सभी मस्जिदों व ईदगाहों में 26 जून को पुलिस की मौजूदगी में ईद की नवाज अदा की जाएगी। जिलाधिकारी सुनील कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने संयुक्त आदेश जारी कर सभी थानाध्यक्षों, बीडीओ, सीओ को विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया है तथा सभी थानों में शांति समिति की बैठक करने को कहा है।
संवेदनशील स्थान जहां रहेगी विशेष चौकसी
लखीसराय प्रखंड
- विद्यापीठ चौक, इंगलिश, पुरानी बाजार, चितरंजन रोड, प्रभात चौक, बड़ी दरगाह, शहीद द्वार चौक, पचना रोड, नया बाजार, बालगुदर, बिलौरी, महिसोना, भेनौरा।
रामगढ़ चौक प्रखंड
- सुरारी इमामनगर, नोनगढ़, गुलनी।
हलसी प्रखंड
- प्रेमडीहा, हलसी, बमुआरा।
सूर्यगढ़ा प्रखंड
- सूर्यगढ़ा बाजार, कजरा, उरैन, पीरी बाजार, मेदनी चौकी, मौलानगर, अलीनगर, माणिकपुर, कटेहर, हल्दी, चकमसकन्द।
बड़हिया प्रखंड
- बड़हिया बाजार एवं श्री कृष्ण चौक।
चानन प्रखंड
- मननपुर
एडीएम होंगे विधि व्यवस्था के प्रभारी
ईद पर्व को लेकर अपर समाहर्ता किशोरी चौधरी विधि-व्यवस्था के संपूर्ण वरीय प्रभार में रहेंगे। एसडीओ व एसडीपीओ प्रतिनियुक्त किए गए सभी मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारी पर नजर रखेंगे। तथा सभी बीडीओ व थानाध्यक्ष से खैरियत प्रतिवेदन लेंगे। जिला आपूर्ति पदाधिकारी अर्चना भारती की देखरेख में जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 06346-232124 काम करेगा।