भाजपा में आक्रोश, नीतीश व लालू का पुतला फूंका
लखीसराय। पटना स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर राजद कार्यकर्ताओं के हमले के विरोध में गुरुवार को भा
लखीसराय। पटना स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर राजद कार्यकर्ताओं के हमले के विरोध में गुरुवार को भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय विधायक विजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय शहीद द्वार के समीप मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद का पुतला दहन किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि जंगल राज के पुरोधा लालू प्रसाद के साथ मिलकर नीतीश कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनते ही बिहार में जंगल राज टू कायम हो गई है। चारों ओर भ्रष्टाचार, लूट, हत्या, दुष्कर्म, अपहरण का बोलबाला है। भ्रष्टाचार से ध्यान बंटाने के लिए लालू प्रसाद ने भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर हमला कराकर जातीय उन्माद फैलाने की कोशिश की है। भ्रष्टाचारियों को संरक्षित करने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार की जनता के जनादेश का अपमान कर रहे हैं। बिहार के खजाने को लूटा जा रहा है। अपराध एवं भ्रष्टाचार के कारण बिहार का विकास रूक गया है। देश ही नहीं विदेशों में भी एक बार फिर बिहार की छवि कलंकित होने लगी है। बिहार की छवि को कलंकित करने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं लालू प्रसाद से बिहार की जनता को मुक्ति दिलाने के लिए एनडीए सड़क से सदन तक जन आंदोलन चलाएगी। पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष देवानंद साहू, हिमांशु कुमार आदि कार्यकर्ता शामिल थे।