दुर्गा पूजा : इस बार घोड़े पर आएंगी माता
लखीसराय। 12 अक्टूबर को विधान सभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के अगले दिन से ही दुर्गा पूजा धूमधाम से
लखीसराय। 12 अक्टूबर को विधान सभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के अगले दिन से ही दुर्गा पूजा धूमधाम से शुरू हो जाएगी। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में भी पूरे विधि-विधान के साथ 13 अक्टूबर को श्रद्धालु कलश स्थापना कर मां दुर्गा की आराधना में लीन हो जाएंगे। पूजा समिति द्वारा दुर्गा पूजा की तैयारी शुरू कर दी गई है। शहर में मां दुर्गा की प्रतिमा के अलावा कई स्थानों पर भारत माता व मां काली की भी प्रतिमा स्थापित की जाती है। इसको लेकर पंडाल निर्माण शुरू कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार इस बार दुर्गा माता का आगमन घोड़े पर हो रहा है। जबकि माता का गमन (विदाई) मनुष्य के कंधे पर होगा। माता का जाना सुखद व फलदायी होगा। मां के नौ रूपों की भक्ति से हर मनोकामना पूरी होती है। शारदीय नवरात्र में श्रद्धालु अपनी आध्यात्मिक और मानसिक शक्तियों में वृद्धि के लिए उपवास रखकर नौ दिनों तक दुर्गा सप्तशती का पाठ, हवन और कन्या पूजन करते हैं। इस बार अष्टमी व नवमी एक ही दिन रहने से नवरात्र आठ दिनों का ही होगा। शहर में नया बाजार स्थित बड़ी देवी महारानी, पुरानी बाजार में छोटी देवी महारानी, थाना चौक पर शिव दुर्गा पूजा समिति, विद्यापीठ चौक सहित दर्जन भर पूजा समिति द्वारा पूजा की तैयारी शुरू कर दी गई है।
शारदीय नवरात्र का कार्यक्रम
13 अक्टूबर - कलश स्थापना
19 अक्टूबर - विल्वा निमंत्रण
20 अक्टूबर - निशा पूजा
21 अक्टूबर - महाष्टमी और महानवमी व्रत, हवन
22 अक्टूबर - विजयादशमी यात्रा