नप कार्यालय में लटका ताला, हड़ताल पर गए कर्मी
संस., लखीसराय : नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी पूनम कुमारी के कार्यकलाप के विरोध में शुक्रवार से न
संस., लखीसराय : नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी पूनम कुमारी के कार्यकलाप के विरोध में शुक्रवार से नप कर्मियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल को ले नप कर्मियों ने नगर परिषद कार्यालय में तालाबंदी कर दी तथा शहीद द्वार के निकट नप ईओ का पुतला दहन किया। पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान नप की महिला सफाई कर्मचारी उषा देवी जलते हुए पुतला की चपेट में आ गई जिससे उसका दाहिना हाथ जल गया। तत्काल निजी चिकित्सक से उसका उपचार कराया गया। पुतला दहन कार्यक्रम के बाद नप कर्मी शहर में प्रदर्शन करते हुए समाहरणालय पहुंचे जहां अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। नप कर्मचारियों के प्रदर्शन कार्यक्रम का नेतृत्व नगर परिषद कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बबन प्रसाद सिंह एवं सचिव प्रमोद पाठक कर रहे थे। संघ के नेताओं ने ईओ पर आरोप लगाया गया कि इनके आने के बाद से कार्यालय में अशांति का माहौल बन गया है। कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार एवं भयादोहन किया जाता है। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक ईओ को नही हटाया जाएगा तब तक हड़ताल जारी रहेगी। पुतला दहन एवं प्रदर्शन कार्यक्रम में दर्जनों की संख्या में नप कर्मी मौजूद थे। इधर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी पूनम कुमारी ने बताया कि बायोमीट्रिक उपस्थिति बनाने एवं कार्यालय में नियमित रूप से कार्य करने के आदेश के विरोध में कुछ लोग साजिश रच कर इसे आंदोलन का रूप दे रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों के सारे आरोपों को निराधार बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों से ससमय काम लिया जाना और कार्यालय में अनुशासन बहाल किया जाना गलत है तो सरकार खुद फैसला करेगी। वे इस आंदोलन के सहारे गलत काम और गलत काम करने वालों के नीचे नहीं झुक सकती है।