भूकंप का खौफ : मंडल कारा में दहशत में रहे बंदी
संस., लखीसराय : भूकंप के खौफ का असर लखीसराय मंडल कारा के बंदियों में भी देखा गया। सोमवार की शाम भूकं
संस., लखीसराय : भूकंप के खौफ का असर लखीसराय मंडल कारा के बंदियों में भी देखा गया। सोमवार की शाम भूकंप के आए झटकों से दहशतजदा बंदियों ने वार्ड में जाने से इंकार कर दिया। कारा प्रशासन द्वारा वार्ड के अंदर जाने के लिए दवाब बनाए जाने पर बंदियों ने इंकार करते करते हुए हंगामा कर दिया। बाद में कारा प्रशासन की सख्ती पर बंदी काफी मशक्कत के बाद वार्ड में बंद हुए। वार्ड में बंद होने के बाद भी बाहर निकालने के लिए वे लोग हो हंगामा करते रहे। जानकारी के अनुसार शनिवार से जिले में आ रहे भूकंप के झटके से मंडल कारा के बंदियों में दहशत व्याप्त है। बंदी उसी दिन से कारा प्रशासन से रात में वार्ड से बाहर रखने की मांग कर रहे थे। लेकिन जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बंदियों की मांग को अनसुनी कर दी। सोमवार की शाम पुन: भूकंप का झटका आने के बाद बंदियों ने हंगामा करते हुए वार्ड में बंद होने से इंकार कर दिया। प्रभारी कारा अधीक्षक भानू प्रकाश ने बताया कि भूकंप को लेकर बंदियों द्वारा वार्ड में बंद होने से इंकार करने पर सख्ती अपनाते हुए उन्हें वार्ड में बंद किया गया। कैदियों का कहना था कि यदि रात में भूकंप आई तो वे लोग मारे जाएंगे। ऐसे में उन्हें खुली जगह में ही रात में रहने दिया जाय।