गरीब किसानों को मिले खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ
संवाद सहयोगी, लखीसराय : लखीसराय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि वेतनमान के लिए हड़ताल पर नियोजि
संवाद सहयोगी, लखीसराय : लखीसराय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि वेतनमान के लिए हड़ताल पर नियोजित शिक्षकों के रहने से राज्य में जो शैक्षिक अराजकता की स्थिति बनी है उसके लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है। प्राकृतिक आपदा से बेहाल किसानों को उनके क्षति हुए फसलों का डेढ़ गुणा मुआवजा मिले। किसान-मजदूरोंकी प्राथमिकता तय कर उन्हें खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ मिले। विधायक श्री सिन्हा रविवार को जिला अतिथि गृह में पत्रकारों से बात करते हुए उक्त बातें कही। विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि जिले में खाद्य सुरक्षा योजना से 29 हजार परिवार वंचित हैं। इनके द्वारा दिए गए आवेदनों का जिला प्रशासन द्वारा अबतक निबटारा नहीं किया गया है उन्होंने बताया कि उनके द्वारा विधानसभा में भी यह मामला उठाया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में नौकरी पेशा, कर दाता एवं जनप्रतिनिधियों का नाम खाद्य सुरक्षा योजना में है। जिनके नाम पर आवंटन का उठाव कर खाद्यान्न का वितरण कहां किया जा रहा है। इसकी जांच कर प्रशासन पीड़ित बदहाल किसानों को इसका लाभ दे। उन्होंने कहा कि जिले में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत नवंबर 2014 में ही आंध्र प्रदेश की एक कंपनी को विद्युतीकरण का कार्य दिया गया। लेकिन अबतक जमीन पर काम नहीं हुआ है। उन्होंने जून तक जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने और घर-घर बिजली पहुंचाने के अभियान को गति लाने की मांग किया। विधायक ने जिला प्रशासन से टाल एवं दियारा क्षेत्र के लंबित सभी योजनाओं को बरसात पूर्व पूरा कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारी की लापरवाही एवं उदासीनता के कारण शहरी क्षेत्र में जलजमाव, सफाई सहित अन्य नागरिक समस्या बनी है। उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची सुधार कार्यक्रम में प्रशासन द्वारा खानापूरी करने का आरोप लगाया। प्रेस वार्ता में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष छेदी प्रसाद गुप्ता, प्रखंड अध्यक्ष विपिन सिंह, नगर अध्यक्ष ओमप्रकाश साह, धर्मेन्द्र कुमार मुकुल, दिनेश सिंह, संजय कुमार आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।