आयो फागुन का त्योहार, बाबा हो जाओ तैयार..
संवाद सहयोगी, लखीसराय : आयो फागुन का त्योहार, बाबा हो जाओ तैयार, हाथों में निशान हो लव पे श्री श्याम
संवाद सहयोगी, लखीसराय : आयो फागुन का त्योहार, बाबा हो जाओ तैयार, हाथों में निशान हो लव पे श्री श्याम हो व हर फागुन में श्याम धनी हम पहुंचे खाटूधाम हो.., दर्जी सील दे निशान मने खाटू जाना से.., इतनी खातरी कर बाबा आको काई लागे.., बाजरे की रोटी खा ले श्याम, चूरमा ना भूल जावगो.., मेरे सिर पर रख दे बाबा अपने ये दोनों हाथ देना है तो दीजिए जन्म-जन्म का साथ.. आदि भजनों पर श्याम भक्त झूमते रहे। मौका था शहर के पुरानी बाजार श्याम मंदिर लखीसराय के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव का। रविवार को महोत्सव के पहले दिन गाजे-बाजे के साथ भव्य निशान यात्रा निकाली गई। जिसमें मारवाड़ी समाज के अलावा शहर के अन्य प्रबुद्धजन एवं श्याम भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। निशान यात्रा में क्षेत्रीय विधायक विजय कुमार सिन्हा भी शामिल हुए। पंजाबी ढोल व डीजे की धुन पर बजते भक्ति गीतों पर श्याम भक्त झूमते रहे। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं व युवतियां रंग-बिरंगे परिधानों में भजन करते एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाते चल रहे थे। आगे-आगे श्याम भक्त हाथों में रंग-बिरंगे निशान लेकर चल रहे थे। पालकी पर खाटूवाले श्री श्याम प्रभु की मनोरम झांकी शोभायमान थी। गोशाला गली से निकली निशान यात्रा नगर भ्रमण के दौरान पचना रोड होते हुए श्याम मंदिर में समाप्त हुई। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह श्याम प्रभु पर फूल बरसाए गए। निशान यात्रा के बाद भक्तों ने श्याम मंदिर में खाटू श्याम की स्थापित प्रतिमा के आगे नतमस्तक होकर मंगल कामना की तथा प्रसाद ग्रहण किया। देरशाम मंदिर में खाटू श्याम का भव्य दरबार लगा तथा अखंड ज्योति पूजन कार्यक्रम हुआ। इसके बाद भजन मंडली द्वारा नृत्य नाटिका की प्रस्तुति की गई। निशान यात्रा में सुशील अग्रवाल, जर्नादन गौढ़, अनिल शर्मा, अशोक शर्मा, मनीष शर्मा, अमित अग्रवाल, रीतेश ड्रोलिया, मनोज दारूका, मनीष ड्रोलिया सहित बड़ी संख्या में मारवाड़ी समाज के लोग शामिल थे।