छठ पर्व : महंगाई पर भारी पड़ी आस्था
संस., लखीसराय : लोक आस्था का पर्व छठ को लेकर मंगलवार को जिला मुख्यालय सहित सूर्यगढ़ा, बड़हिया, हलसी,
संस., लखीसराय : लोक आस्था का पर्व छठ को लेकर मंगलवार को जिला मुख्यालय सहित सूर्यगढ़ा, बड़हिया, हलसी, मननपुर, मेदनी चौकी बाजारों में दिन भर खरीददारों की भारी भीड़ लगी रही। रात भर में ही फलों एवं पूजन सामग्री की कीमतों में बढ़ोतरी देखी गई। बावजूद आस्था के आगे महंगाई हार गई है। शहर के केआरके हाई स्कूल के खेल मैदान बाजार में तब्दील हो गया है। जहां पर्व को लेकर सूप, दउरा, नारियल से लेकर फलों की लोगों ने जमकर खरीददारी की। पूरा बाजार फलों एवं पूजन सामग्री की दुकानों से पट गया है। खरीददारों की भारी भीड़ के कारण दिनभर शहर में जाम लगी रही। इस कारण भी लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह भी जाम में फंसे रहे। जानकारी के अनुसार पर्व के दूसरे दिन लखीसराय बाजार में 20 से 25 लाख से अधिक का कारोबार हुआ। जबकि बुधवार को यह आंकड़ा 60 लाख से पार कर जाने की उम्मीद है। बड़ी संख्या में लोगों ने फलों व पूजन सामग्री की खरीददारी की। पर्व को लेकर केला, सेब, चीनी, पकवान की कीमत रातभर में पांच से दस रुपए बढ़ा दिया गया। जिले के अन्य प्रखंडों में भी दिनभर खरीददारी होती रही।