छठ घाटों पर रहेगा पुलिस का पहरा
संस., लखीसराय : दीपावली के बाद लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने जिले भर में हाई अलर्ट
संस., लखीसराय : दीपावली के बाद लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने जिले भर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। छठ के दौरान किऊल, हरूहर एवं गंगा नदी स्थित छठ घाटों पर पुलिस का पहरा रहेगा। इस दौरान जिले के 55 स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है। पर्व को लेकर जिला मुख्यालय सहित जिले भर में पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है। जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने संयुक्त रूप से छठ पर्व को शांतिपूर्वक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आदेश जारी कर प्रतिनियुक्त पदाधिकारी व कर्मियों को 27 से 30 अक्टूबर तक अलर्ट रहने का आदेश दिया है। जानकारी के अनुसार राज्य सरकार के निर्देश पर राजधानी पटना में 27 अक्टूबर 2013 को भाजपा द्वारा आयोजित हुंकार रैली के दौरान गांधी मैदान में हुए सीरियल बम धमाका की घटना एवं आतंकवादियों द्वारा सौहार्दपूर्ण वातावरण में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिलाधिकारी श्री सिंह ने सभी बीडीओ, सीओ एवं थानाध्यक्षों को अधिक भीड़-भाड़ वाले घाटों पर विशेष निगरानी रखने तथा पर्व के दौरान वीडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया है। छठ पर्व को लेकर लखीसराय, बड़हिया एवं सूर्यगढ़ा थाना में विधि-व्यवस्था संधारण हेतु एक नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जिला स्तर पर भी नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने 35 प्रशिक्षित जवानों से लैस दंगा निरोधक दस्ता को लखीसराय थाना में मुस्तैद रहने का निर्देश दिया है। नदी घाटों पर नाव दुर्घटना से बचने के लिए 29 एवं 30 अक्टूबर को जिला प्रशासन ने नदी में नाव परिचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। छठ पर्व को लेकर सभी पदाधिकारियों की छुट्टी को रद्द कर दिया गया है।
छठ पर्व को लेकर विशेष सतर्कता
- अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले लखीसराय-किऊल नदी स्थित महावीर घाट, विद्यापीठ चौक घाट, बड़हिया बीएनएम कालेज घाट तथा सूर्यगढ़ा में शाम्हो पुल घाट पर एक-एक वाच टावर का निर्माण।
- सभी थानाध्यक्षों को 27 अक्टूबर से मुहर्रम पर्व तक प्रत्येक दिन सभी होटलों, धर्मशाला की जांच करने का आदेश।
- सभी होटल मालिक प्रत्येक दिन होटल में ठहरने वाले व्यक्तियों की सूची थानाध्यक्ष को देंगे।
- छठ पर्व एवं मुहर्रम को देखते हुए सभी छोटे-बड़े वाहनों की सघन जांच।