महापर्व छठ की तैयारी में जुटे लोग, नहाय-खाय कल
संस., लखीसराय : लोक आस्था का महापर्व छठ की तैयारी में लोग जुट गए हैं। सोमवार को नहाय-खाय के साथ ही च
संस., लखीसराय : लोक आस्था का महापर्व छठ की तैयारी में लोग जुट गए हैं। सोमवार को नहाय-खाय के साथ ही चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू हो जाएगा। दीपावली के बाद इस पवित्र पर्व की तैयारी घर-घर में शुरू हो चुकी है। वहीं बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। दुकानदार, व्यापारी पर्व के मद्देनजर फल, पूजन सामग्री, मिट्टी बर्तन आदि सामानों का भंडारण करने में लगे हैं। वहीं जिला मुख्यालय स्थित मुख्य सड़क एवं केआरके हाई स्कूल खेल मैदान में छठ पर्व को लेकर अस्थायी दुकानें सजने लगी है। बाजारों में बांस निर्मित सूप खरीदने के लिए खरीददारों की भीड़ शुरू हो गई है। जानकारी के अनुसार सोमवार को छठ व्रती गंगा स्नान करेंगे। इसके साथ ही पवित्र पर्व शुरू हो जाएगा। मंगलवार को खरना, बुधवार को भगवान भाष्कर का पहला अर्घ्य तथा गुरुवार को उद्याचल अर्घ्य अर्पित करने के बाद अनुष्ठान का समापन होगा। पर्व को लेकर ग्रामीण अंचलों में महिलाओं द्वारा मिट्टी के चूल्हे तैयार किए जा रहे हैं। वहीं पर्व प्रारंभ होने से पूर्व गंगा स्नान करने की परंपरा के तहत छठ करने वाली महिला व पुरूष श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा स्नान के लिए बढ़ने लगी है। ट्रेनों व सड़क मार्ग से श्रद्धालु बड़हिया गंगा घाट व सिमरिया गंगा घाट में आस्था की डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं। शहर से लेकर गांवों तक इस पवित्र पर्व की तैयारी शुरू कर दी गई है।