डीएम-एसपी के साथ आयुक्त ने किया छठ घाटों का निरीक्षण
संस., लखीसराय : राज्य मुख्यालय ने दीपावली, छठ एवं मुहर्रम पर्व को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया है। दी
संस., लखीसराय : राज्य मुख्यालय ने दीपावली, छठ एवं मुहर्रम पर्व को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया है। दीपावली एवं छठ पर्व पर किसी प्रकार की घटना न हो इसके लिए प्रशासन को पूरी चौकसी बरतने को कहा गया है। सोमवार को राज्य के मुख्यमंत्री एवं डीजीपी द्वारा डीएम-एसपी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग में दिए गए निर्देश को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मुंगेर के प्रमंडलीय आयुक्त सुनील कुमार मंगलवार की सुबह लखीसराय पहुंचे और जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, नप ईओ पूनम कुमारी के साथ शहर के पचना रोड स्थित संसार पोखर, आर. लाल कालेज के नजदीक अष्टघटी तालाब, किऊल नदी स्थित पथला घाट, विद्यापीठ चौक, महावीर स्थान घाट सहित अन्य घाटों का स्वयं निरीक्षण किया। आयुक्त ने घाटों की सफाई, सुरक्षा एवं छठ पर्व पर लगने वाली भीड़ के आने-जाने का रास्ता का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को छठ पर्व पर घाटों की समुचित सफाई के साथ-साथ सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया। इस दौरान पुरानी बाजार में छग्गन लाल माहेश्वरी घाट पर नाले का पानी बहाने तथा गंदगी को लेकर स्थानीय कुछ लोगों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। हालांकि आयुक्त द्वारा घाटों का निरीक्षण किए जाने को लेकर स्थानीय प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप कर जाम हटा दिया। उधर जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने दीपावली व छठ पर्व को देखते हुए नप ईओ पूनम कुमारी को सभी घाटों की सफाई के साथ-साथ शहर की भी सफाई करवाने तथा कूड़ा का उठाव करने का निर्देश दिया है।