महिला कार्यकर्ता की पिटाई के आरोप में समाहरणालय पर हंगामा
संस., लखीसराय : जिला पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह पर राजग के महिला कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक विजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में राजग कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय पर जमकर बवाल काटा। इधर डीएम श्री सिंह ने कहा कि राजग कार्यकर्ताओं द्वारा समाहरणालय पर महाधरना आयोजित किया गया था। महाधरना के क्रम में वार्ता के लिए एक शिष्टमंडल को बुलाया गया लेकिन लखीसराय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने काफी संख्या में समर्थकों के साथ कार्यालय आना चाहा, जिसे रोक दिया गया। इसलिए बेबुनियाद आरोप लगा कार्यकर्ताओं से हंगामा करवाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को क्षेत्रीय सांसद वीणा देवी, लोजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद सूरजभान सिंह एवं क्षेत्रीय विधायक विजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में सैकड़ों राजग कार्यकर्ता समाहरणालय पर महाधरना कार्यक्रम में मौजूद थे। क्षेत्रीय सांसद एवं लोजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महाधरना कार्यक्रम के बीच में ही चले गए। डीएम के समाहरणालय से बाहर रहने के कारण क्षेत्रीय विधायक के नेतृत्व में राजग कार्यकर्ता डीएम को ज्ञापन सौंपने के लिए उनके इंतजार में महाधरना कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे। दिन के करीब तीन बजे डीएम श्री सिंह समाहरणालय पहुंचे। इसके बाद विधायक के नेतृत्व में कार्यकर्ता डीएम से मिलने उनके कार्यालय में प्रवेश करना चाहा जिसे रोक दिया गया। इस पर सभी समाहरणालय के बरामदा पर ही बैठ गए। इसके बाद जिला पदाधिकारी के गार्ड ने बरामदा खाली कराना चाहा। जिस पर विवाद बढ़ गई। इसके बाद बभनगावां निवासी मोहन पासवान की पत्नी सुमित्रा देवी एवं चुनचुन राम की पत्नी सोनी देवी ने डीएम द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाया। इसी को लेकर विधायक के नेतृत्व में राजग कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय में जमकर हंगामा किया। बाद में डीएम ने विधायक श्री सिन्हा के नेतृत्व में 11 सदस्यीय शिष्टमंडल के साथ बातचीत कर हंगामा को शांत कराया। राजग कार्यकर्ताओं ने करीब ढाई घंटे तक समाहरणालय परिसर में जमकर हंगामा किया। इस अवसर पर एसपी अशोक कुमार, डीडीसी रमेश कुमार, जिला भू अर्जन पदाधिकारी रामेश्वर पांडेय, एसडीओ अंजनी कुमार, डीसीएलआर राजेश कुमार, एसडीपीओ संजय कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मंजू प्रसाद आदि के नेतृत्व में दर्जनों पुलिस कर्मी समाहरणालय परिसर में मौजूद थे।