महिला वालीबाल खेल प्रतियोगिता में उवि. नरोत्तमपुर अव्वल
संस., लखीसराय : शहर के केआरके मैदान में सोमवार से जिला स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिता प्रारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन खो-खो, वालीबाल एवं कबड्डी का आयोजन किया गया। खेल प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी बसंत कुमार ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर डीईओ श्री कुमार ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में 25 वर्ष के ग्रामीण या विद्यालय की लड़कियों के भाग लेने के नियमानुसार जिले के विभिन्न विद्यालयों के अलावा ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता में खो-खो में उच्च विद्यालय नरोत्तमपुर कजरा की छात्रा विजेता एवं प्लस टू उच्च विद्यालय हलसी की छात्रा उप विजेता रही। इसके अलावा वालीबाल में उच्च विद्यालय नरोत्तमपुर कजरा की छात्रा विजेता एवं मानो गांव की ग्रामीण लड़कियां उप विजेता रही। कबड्डी प्रतियोगिता में अभयपुर कसवा पंचायत की लड़कियां विजेता एवं मानो गांव की ग्रामीण लड़कियां उप विजेता घोषित हुई। विजेता एवं उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को डीईओ श्री कुमार द्वारा शिल्ड देकर सम्मानित किया गया। मंगलवार को एथलेटिक्स एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता को सफल बनाने में माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रमंडलीय कोषाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह, जिला खेल पदाधिकारी परिमल, केआरके उवि. के प्रधानाध्यापक निरंजन प्रसाद सिंह, रामानुज के अलावा प्रतिनियुक्त खेल शिक्षक मौजूद थे। कार्यक्रम एवं मंच का संचालन कजरा के शारीरिक शिक्षक श्रीकांत कुमार ने किया।