बड़हिया में पांच गोदामों से 1,320 पॉकेट खाद्यान्न बरामद
संसू., बड़हिया (लखीसराय) : बड़हिया बाजार स्थित पांच विभिन्न गोदामों में कालाबाजारी के रखे गए खाद्य सुरक्षा अधिनियम योजना के सरकारी अनाज को प्रशासनिक टीम ने मंगलवार को छापामारी कर जब्त कर लिया। कुल मिलाकर 1,320 पॉकेट खाद्यान्न बरामद किए गए जिसे जन वितरण प्रणाली के दुकानदार (डीलर) ने व्यापारियों के यहां बेच दिया था। छापामारी के दौरान भारी मात्रा में केरोसीन भी बरामद किया गया। छापामारी का नेतृत्व जिला भू अर्जन पदाधिकारी रामेश्वर पांडेय, अनुमंडल पदाधिकारी अंजनी कुमार, डीसीएलआर राजेश कुमार, वरीय उप समाहर्ता मुकेश कुमार कर रहे थे।छापेमारी में तीन गोदाम के मालिकों को भी गिरफ्तार किया गया है। छापामारी टीम ने सभी गोदामों को सील कर दिया है। बड़हिया नगर के आरपी सिंह के मकान स्थित विशु साव के गोदाम से 671 बोरा खाद्यान्न जिसमें 582 बोरा चावल तथा 89 बोरा गेहूं, गिरधारी खेमका के मार्केट स्थित विनोद साव के दो गोदाम से 600 बोरा खाद्यान्न जिसमें 550 बोरा सील्ड एवं 50 बोरा अनसिल्ड, श्याम साव के गोदाम से 16 बोरा तथा गोदाम से बाहर ले जाने के लिए रखे 33 बोरा गेहूं जब्त किया गया। वहीं गोपाल प्रसाद अग्रवाल के गोदाम से 900 लीटर केरोसीन तथा शिवधारी साव के मकान स्थित विशु साव के गोदाम से 650 लीटर केरोसीन जब्त किया गया। छापेमारी में गोपाल प्रसाद अग्रवाल एवं उसके पुत्र विवेक कुमार तथा विनोद साव को गिरफ्तार कर लिया गया। बाकी विशु साव एवं श्याम साव मौके से फरार हो गए। एसडीओ के आदेश पर सभी पांचों गोदाम मालिकों के खिलाफ बड़हिया थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही उससे पूछताछ की जा रही है कि किस-किस डीलर ने उक्त खाद्यान्न को उसके यहां कब-कब बेचा। एसडीओ ने बताया कि डीलर के यहां से सरकारी अनाज को व्यापारी ने खरीद लिया। अब उसी अनाज का बोरा बदलकर उसे बाजार में बेचे जाने का काम किया जा रहा था। सूचना पर पहुंचकर एक के बाद एक कुल पांच गोदामों का पता चला। मौके पर बीडीओ संजय कुमार दास, सीओ सिद्धनाथ, बड़हिया थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह, एसआई नंद किशोर सिंह एवं पुलिस बल साथ थे।