बच्चों में वैज्ञानिक सोच व चिंतन विकसित करें : डीईओ
संस., लखीसराय : 22वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2014 के आयोजन से पूर्व मंगलवार को साइंस फॉर सोसाइटी बिहार जिला शाखा की ओर से स्थानीय जिला माध्यमिक शिक्षक संघ भवन में माध्यमिक विद्यालयों के विज्ञान एवं पर्यावरण शिक्षकों का जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू हुआ। साइंस फॉर सोसाइटी के जिलाध्यक्ष रामभरोसी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी बसंत कुमार, साइंस फॉर सोसाइटी बिहार के प्रदेश उपाध्यक्ष सह जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष श्याम नंदन सिंह, प्रदेश सह सचिव सह क्षेत्रीय समन्वयक रामनरेश प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यशाला में जिले भर के माध्यमिक विद्यालयों के विज्ञान एवं पर्यावरण शिक्षकों के साथ-साथ कई छात्र-छात्रा भी शामिल हुए। कार्यशाला में 'मौसम एवं जलवायु को समझना' विषय पर उपस्थित वक्ताओं ने विस्तार से प्रकाश डाला। उद्घाटन सत्र में डीईओ श्री कुमार ने कहा कि हमारे हिन्दू धर्मशास्त्र में भी विज्ञान की चर्चा है। हजारों वर्षो के बाद उसी के प्रारूप जैसे ड्रोण, विमान, मिसाइल, टेलीविजन एवं गूगल के जरिए घर बैठे पूरी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उसी तुलनात्मक दृष्टिकोण से बच्चों को भी सारगर्भित ज्ञान देने की आवश्यकता है। उन्होंने वर्तमान के आधार पर विज्ञान के भविष्य में होने वाले परिवर्द्धन और परिसंस्करण के प्रति भी आभास एवं परिकल्पना की बात कही। क्षेत्रीय समन्वयक रामनरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि 1993 में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की शुरूआत हुई। इसका मुख्य उद्देश्य 10 वर्ष के बच्चों में वैज्ञानिक सोच एवं चिंतन को विकसित करना है। कार्यशाला में मुख्य विषय के छह उप विषयों अपने आसपास के मौसम एवं जलवायु का अध्ययन, मानवीय गतिविधियों के द्वारा मौसम एवं जलवायु पर प्रभाव, मौसम, जलवायु एवं परितंत्र, मौसम जलवायु समाज एवं संस्कृति मौसम, जलवायु एवं स्वास्थ्य के बारे में शिक्षकों को जानकारी दी गई। राच्य मुख्यालय से आए रिसोर्स पर्सन डा. एस.के.पी. सिन्हा ने भी शिक्षकों को विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन किया। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक जयप्रकाश सिंह ने आगत अतिथियों का स्वागत किया तथा मौसम व जलवायु विषय पर अपनी राय दी। कार्यशाला को राजेन्द्र प्रसाद सिंह, प्रमंडलीय संयुक्त सचिव ब्रजनंदन सिंह, अयोध्या प्रसाद गुप्ता, जिला संयुक्त सचिव संजीव कुमार आदि ने भी संबोधित किया।