परबत्ता में राजद के कई पार्टी पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा
खगड़िया। परबत्ता प्रखंड के परबत्ता पंचायत भवन परिसर में राजद के प्रखंड अध्यक्ष पद से निष्कासित अखिलेश
खगड़िया। परबत्ता प्रखंड के परबत्ता पंचायत भवन परिसर में राजद के प्रखंड अध्यक्ष पद से निष्कासित अखिलेश्वर दास ने बुधवार को अपने समर्थकों की बैठक की। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के कोने-कोने से पूर्व अध्यक्ष के समर्थक कार्यकर्ता पहुंचे। इसमें महिलाओं की भी अच्छी खासी संख्या रही।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री दास ने कहा कि बीते 20 वर्ष पूर्व से हमने सामाजिक न्याय की लड़ाई व पार्टी के झडे को बुलंद किया। उन्होंने कहा कि दलित व पिछड़ों की लड़ाई लड़ते हुए सामाजिक न्याय की बात करने वाले राजद सुप्रीमो लालू यादव पर भरोसा किया।
लेकिन परबत्ता प्रखंड के जोरावरपुर पंचायत के शर्मा टोला की घटना की जानकारी पार्टी के जिलास्तरीय नेता व सूबे के नेता को दी। ऐसी स्थिति में मैं तुरंत शर्मा टोला के पीड़ितों के पक्ष में खड़ा हुआ। इसी बीच मधेपुरा के सासद सह जन अधिकार पार्टी के नेता राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव से हमने पीड़ितों की न्याय के लिए मदद लिया और उनके मंच पर भी गया। मुझे पप्पू यादव की पार्टी से कुछ लेना-देना नहीं था। परंतु इसी आरोप में मुझे बिना किसी सूचना प्रखंड अध्यक्ष पर से हटा दिया गया। हम जब गरीबों के पक्ष में उतरे तो कौन सी गलती किए।
उन्होंने लोगों से कहा कि अब आपलोग ही निर्णय लें कि आगे क्या करना चाहिए। बैठक को पंकज पासवान, सुनील पंडित, झींगो पंडित, युगल किशोर साह, प्रकाश दास, विलास यादव, ब्रह्मदेव दास, अशोक शर्मा, मनोज शर्मा समेत कई लोगों ने संबोधित किया। उक्त लोगों ने गरीबों के लिए लड़ाई में शामिल होने के निर्णय को जायज बताया। राजद द्वारा प्रखंड अध्यक्ष पद से हटाए जाने पर तीखी प्रतिक्त्रिया व्यक्त करते हुए कई लोगों ने इनके साथ होने की बात कही। दर्जनों लोगों ने राजद के पंचायत अध्यक्ष पद, प्रधान महासचिव, प्रखंड सचिव, महासचिव आदि पदों से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने वालों में रामपुर उर्फ रहीमपुर पंचायत के उमेश शर्मा, बैसा के मिथिलेश शरण, कुल्हड़िया से ओमप्रकाश यादव सहित 14 पंचायत अध्यक्षों ने इस्तीफा दे दिया है।