महिला बंध्याकरण: सूबे में दूसरे स्थान पर खगड़िया
अविनाश अमलेश, खगड़िया: पुरुष प्रधान समाज में परिवार नियोजन की जिम्मेवारी महिलाओं के कमजोर कंधों पर ही
अविनाश अमलेश, खगड़िया: पुरुष प्रधान समाज में परिवार नियोजन की जिम्मेवारी महिलाओं के कमजोर कंधों पर ही अभी भी दी जाती है। इस समय स्वास्थ्य विभाग द्वारा 11 से 31 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा चलाया जा रहा है। राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा जिला को 705 महिला बंध्याकरण का लक्ष्य दिया गया है। जबकि 150 पुरुष नसबंदी का लक्ष्य दिया गया था। लक्ष्य के विरुद्ध 719 महिलाओं का बंध्याकरण आपरेशन किया गया। जबकि रेफरल अस्पताल गोगरी व सदर अस्पताल में एक-एक पुरूष नसबंदी हुई है। महिला बंध्याकरण के लक्ष्य में 102 फीसदी सफलता हासिल हुई है। जबकि आपरेशन का कार्य चल रहा है। विभागीय अधिकारी का कहना है कि राज्य स्तर पर 20 जुलाई तक आपरेशन में खगड़िया द्वितीय स्थान पर है। जबकि वैशाली जिला को पहला स्थान प्राप्त है।
रेफरल अस्पताल गोगरी का रहा बेहतर प्रदर्शन
जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा में गोगरी रेफरल अस्पताल में 177 महिलाओं का बंध्याकरण हुआ है। इसी तरह सदर अस्पताल में 32, अलौली पीएचसी में 64, बेलदौर में 112, चौथम में 74, सदर पीएचसी में 142, मानसी में 43 व परबत्ता पीएचसी में 75 महिलाओं का बंध्याकरण किया गया है। साथ ही 414 महिलाओं को कोपर्टी लगाया गया है। वहीं 278 महिलाओं को प्रसव होने के 48 घंटे बाद ही कोपर्टी लगाया गया है।
कहते हैं अधिकारी
सिविल सर्जन डा. विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि बंध्याकरण में सूबे में खगड़िया का दूसरा स्थान है। अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। ताकि बिहार में खगड़िया प्रथम स्थान पर पहुंच सके। बंध्याकरण आपरेशन कराने में महिला, पुरुष एवं मोटिवेटर को प्रोत्साहन राशि दिया जा रहा है।