जनता दरबार में भू विवाद के अधिकतर मामले
खगड़िया, संवाद सूत्र: डीएम कार्यालय प्रकोष्ठ में गुरुवार को साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित की गई। डीएम र
खगड़िया, संवाद सूत्र: डीएम कार्यालय प्रकोष्ठ में गुरुवार को साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित की गई। डीएम राजीव रौशन के मुख्यालय से बाहर रहने के कारण फरियादी की शिकायत डीडीसी सुन रहे थे। डीडीसी एबी अंसारी फरियादियों के शिकायत को गंभीरता से सुने। उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को दूरभाष पर शीघ्र समस्या का निराकरण करने का निर्देश दिया। साथ ही कई पदाधिकारी को जमकर फटकार भी लगाई। जनता दरबार में अधिकांश भूमि विवाद से संबंधित मामला आया। बेगूसराय जिले के परिहारा निवासी सच्चिदानंद महतो ने शिकायत करते हुए कहा कि उसका 5 कट्ठा जमीन रानीसकरपुरा में है। जिसे स्थानीय लोग हड़पना चाह रहे हैं। वहीं दुर्गापुर के प्रभु दास ने कहा कि उसे पर्चा से जमीन मिला है। लेकिन बगल वाला घर बना रहे हैं। उन्होंने जमीन पर घर बनाने से रोकने की मांग किया। साथ ही जमीन पर दखल दिलाने के लिए कहा है। जबकि रानीसकरपुरा के कुदुस मियां ने कहा कि उसके पंचायत के डीलर 5 माह से खाद्यान्न नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न के लिए जनवितरण प्रणाली की दुकान का चक्कर लगाते-लगाते थक गए हैं। फरियादी की शिकायत पर डीडीसी संबंधित विभाग के पदाधिकारी को जांच का निर्देश दिया। साथ ही शीघ्र प्रतिवेदन देने के लिए कहा है। इस अवसर पर जिला जन शिकायत पदाधिकारी सुधीर कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी डीएन झा, जिला कृषि पदाधिकारी विष्णुदेव रंजन, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता ई. रामाकांत रजक आदि अधिकारी मौजूद थे।