शांति व्यवस्था के बीच पैक्स का मतदान संपन्न
खगड़िया, संवाद सूत्र: पैक्स चुनाव के पांचवें चरण में जिले के परबत्ता, गोगरी व सदर प्रखंड में रविवार क
खगड़िया, संवाद सूत्र: पैक्स चुनाव के पांचवें चरण में जिले के परबत्ता, गोगरी व सदर प्रखंड में रविवार को शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हो गया। करीब 62 फीसदी मतदाताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया। मतदान को लेकर डीएम राजीव रौशन नियंत्रण कक्ष से प्रक्रिया का संचालन करने में लगे रहे। साथ ही पुलिस अधीक्षक सुरक्षा व्यवस्था पर मातहत को निर्देश देते रहे।
कुल 127 बूथों पर हुआ मतदान
प्रखंडों में पर 127 बूथ बनाए गए थे। खगडि़या प्रखंड में 55, गोगरी में 47 एवं परबत्ता में 25 बूथ पर मतदान हुआ। हालांकि कुछ बूथों पर थोड़ा विलंब से मतदान प्रारंभ हुई।
इधर, सदर प्रखंड क्षेत्र में चंद्रनगर राको, धुशमुरी विशनपुर, माड़र उत्तरी में 3 बजे तक निर्धारित समय के बाद भी मतदाता कतार में लगे थे। उसे मतदान में भाग लेने दिया गया। दूसरी तरफ सदर एसडीएम सुनील कुमार यादव, रहीमपुर उत्तरी, रहीमपुर दक्षिणी आदि बूथों पर भ्रमण कर गतिविधि को देखते रहे। मतदान में सुबह के समय ज्यादा मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। मतदान दिन के एक बजे तक 40 फीसदी रहा। जबकि एक बजे के बाद 22 फीसदी मतदाता भाग लिया। मतपेटी वज्रगृह में जमा हो गई है। सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में वज्रगृह बनाया गया है।
इन जगहों पर होगी मतों की गिनती
सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित एक भवन में वज्रगृह बनाया गया है। वहीं, परबत्ता के सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ई. किसान भवन को वज्र गृह बनाया गया है। गोगरी में प्रखंड कार्यालय में ही मतों की गिनती के लिए वज्रगृह बनाया गया है। इन सभी केंद्रों पर सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी।