कात्यायनी की पूजा में उमड़े श्रद्धालु
संवाद सूत्र, चौथम(खगड़िया): दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की पूजा प्रखंड के रोहियार पंचायत के बं
संवाद सूत्र, चौथम(खगड़िया): दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की पूजा प्रखंड के रोहियार पंचायत के बंगलिया गांव में अवस्थित सुप्रसिद्ध मां कात्यायनी स्थान में मंगलवार को श्रद्धा व निष्ठापूर्वक की गई। इस अवसर पर मां कात्यायनी परिसर में दूर-दूर से आये श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्र कात्यायनी के गर्भ गृह में पंडितों के द्वारा पढ़े जा रहे दुर्गा सप्तसती के श्लोकों से गुंजायमान हो रहा था। जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। वहीं मंदिर के बरामदे के चारो ओर कलश स्थापित किए गए हैं। जिनकी पूजा संबंधित श्रद्धालुओं द्वारा की जा रही थी। गर्भ गृह के अंदर स्थापित कलश की पूजा आचार्य मंगल मिश्र द्वारा की जा रही थी। मौके पर कात्यायनी न्यास समिति के सदस्य चौथम के युवराज शंभू, चौथम थानाध्यक्ष शशि कुमार, जिप उपाध्यक्ष सुनील कुमार, नीरज सिंह, रणवीर सिंह समेत दर्जनों श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में पहुंच कर मां की पूजा अर्चना की। वहीं पूजा करने के लिए महिलाओं की भी काफी संख्या में उपस्थिति देखी गई। मंदिर में इस वर्ष कुल 74 कलश की स्थापना विभिन्न श्रद्धालुओं द्वारा की गई है। मंदिर के गर्भगृह के अंदर मुख्य पुजारी विजेंद्र भगत श्रद्धालुओं को पूजा कराने में व्यस्त दिखे। कलश पूजा करने वालों में कैलाश प्रसाद वर्मा, चंदेश्वरी राम, संजय साहू, संजय यादव, समेत दर्जनों श्रद्धालु मौजूद थे। वहीं मंदिर न्यास की ओर से लोगों के लिए फलाहार की भी व्यवस्था की गई थी।