डूबने से बची महिलाएं, एक गंभीर
गोगरी(खगड़िया) संवाद सूत्र: अनुमंडल के पसराहा थाना क्षेत्र के बड़हरा धार में मंगलवार को नहाने गई तीन महिलाएं बाल-बाल बच गई। किंतु इनमें से एक की हालत गंभीर बतायी जा रही है। ये महिलाएं जिउतिया पर्व पर स्नान करने गयी थी।
जानकारी के अनुसार, जिउतिया पर्व के अवसर पर महिलाएं नदी में स्नान करती है। इसी के तहत क्षेत्र की दर्जनों महिलाएं बड़हरा धार में नहाने गयी थी। उसी दौरान अरविंद शर्मा की पुत्री किरण कुमारी डूबने लगी। जिसे देखकर विश्वंभर शर्मा की पत्नी देवी ने बचाने का प्रयास किया। इस क्रम में वह भी डूबने लगी। दोनों को डूबता देख शंभू शर्मा की बेटी पूजा भी वहा चली गयी। लेकिन तीनों ही नदी में डूबने लगी। तीनों को डूबते देख पंकज शर्मा की पुत्री ने भी बचाने के लिए नदी में छलाग लगा दी। लड़की को छलाग लगाता देखकर कई ग्रामीणों ने भी नदी में छलाग लगाकर सभी तीनों को बचा लिया। लेकिन किरण कुमारी की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।