ट्रक-कार भिडं़त में पिता-पुत्री समेत तीन मरे
संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया) : खगड़िया की ओर जा रही मारुति स्विफ्ट कार की विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट पलट कर सड़क के किनारे स्थित गढ्डे में जा गिरी। बुधवार की देर शाम हुई इस दुर्घटना में कार सवार पिता-पुत्री व चालक की मौत हो गई। कार सवार दो अन्य महिलाएं बुरी तरह से घायल हो गई। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अन्यत्र रेफर कर दिया गया। दुर्घटना एनएच-31 पर पसराहा थाना क्षेत्र में पितौझिया ढाला व विद्यारती पेट्रोल पंप के बीच हुई।
पसराहा थानाध्यक्ष राजेश कुमार यादव ने सूचना मिलने पर घायलों को बेहोशी की अवस्था में अस्पताल पहुंचाया। थानाध्यक्ष के अनुसार दुर्घटना में मारे गए लोगों में से दो की पहचान हो गई है। मृतकों में खगड़िया सदर प्रखंड के रहीमपुर पचकुट्टी निवासी पवन कुमार (42) व उनकी पुत्री निधि कुमारी (20) शामिल हैं। एक अन्य मृतक का नाम पता नहीं चला। वह कार का चालक था। घायल महिलाओं में एक दुर्घटना में मारे गए पवन की पत्नी बेबी देवी (40) है। दूसरी रामसेवक चौधरी की 55 वर्षीय पत्नी है। यद्यपि महिला का नाम पता नहीं चल सका। पुलिस के अनुसार दुर्घटना में मारे गए लोग व घायल एक ही परिवार के हैं।