अधेड़ से करा रहे थे किशोरी की शादी, ग्रामीणों ने बरात को बनाया बंधक
बाप की उम्र का दूल्हा देख मंडप में दुल्हन बनी किशोरी आपा खो बैठी। पैसों की लालच में अंधे हुए ननिहाल वालों को समझाना चाहा तो अधेड़ उम्र के दूल्हे ने जबरन उसकी मांग में सिंदूर डाल दिया। रात भर उसे कैद में रखा गया।
कटिहार। बाप की उम्र का दूल्हा देख दुल्हन बनी किशोरी आपा खो बैठी। पैसों की लालच में अंधे हुए ननिहाल वालों को समझाना चाहा तो अधेड़ उम्र के दूल्हे ने जबरन उसकी मांग में सिंदूर डाल दिया। रात भर उसे कैद में रखा गया। गुपचुप तरीके से अधेड़ किशोरी को सुबह विदा कर घर ले जाने वाला था तभी उसके परिवार वाले पहुंच गए, जिसके बाद किशोरी को ग्रामीणों की मदद से मुक्त कराया जा सका।
पूर्णिया जिले के जलालगढ़ की रहनेवाली बेबी कुमारी (13) ने बताया कि उसके पिता अपाहिज हैं और मां बीमार हैं। कुछ दिन पहले वह ननिहाल गिरियामा आई थी। स्थानीय दलाल उपेंद्र चौधरी व दिनेश चौधरी ने जबरन गोड्डा जिले के सुभाष कुमार साह (40) से उसकी शादी तय कर दी। बुधवार की रात शादी हो रही थी।
मंडप में अपने पिता के उम्र के दुल्हे को देखा तो रोने लगी तथा शादी नहीं करने पर अड़ गई। दलालों से मिन्नत भी की कि उसकी शादी रोक दी जाए। लेकिन दलालों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन मांग में सिंदूर डलवा दिया। गुरुवार सुबह जब विदाई की बात आई तो घर से भाग गई और ग्रामीणों को घटना की जानकारी देकर मदद मांगी। इसके बाद उप सरपंच सहित अन्य ग्रामीणों एवं महिलाओं ने भी शादी का विरोध किया।
इस बीच दोनों दलाल वहां से चंपत हो गए। इधर ग्रामीणों ने अधेड़ दूल्हे और उसके भाई को कई घंटे तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान दूल्हे ने स्वीकार किया कि वह पहले से शादीशुदा है तथा दो बच्चों का पिता है। उसने यह भी बताया कि पूर्व में उसकी दो शादियां हो चुकी हैं। किशोरी ने घटना की तहरीर स्थानीय थाने में दी है, लेकिन अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।