बिहारः तोगड़िया फिर भड़के, कहा-देश को हिंदू राष्ट्र बनाएंगे, बदलो संविधान
बिहार के कटिहार में आयोजित धर्म रक्षा सम्मेलन में विहिप के प्रवीण तोगड़िया ने देश को हिंदू राष्ट्र बनाने की वकालत करते हुए संविधान बदलने की जरूरत पर जोर दिया।
कटिहार [जेएनएन ]। बिहार दौरे पर आए विहिप के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया मंगलवार को यहां पूरे रौ में नजर आए। विहिप की ओर से आयोजित धर्म रक्षा सम्मेलन में उन्होंने देश को हिंदू राष्ट्र बनाने का अाह्वान करते हुए संविधान बदलने तक की मांग उठा दी। कांग्रेस ने इसपर कड़ा एतराज जताया है।
अपने भाषणों के लिए विख्यात तोगड़िया ने हिंदुओं और मुसलमानों में जनसंख्या की गति को लेकर सवाल उठाए। कहा कि सरकार एेसा कानून बनाए जिससे कि मुसलमानों को दो से अधिक बच्चे पैदा करने पर रोक लगे। कहा कि हिंदुओं में भी दस बच्चे पैदा करने की ताकत है लेकिन उन्होंने दो बच्चों का परिवार का सरकारी नारा आत्मसात कर लिया है। मुसलमान इसे नहीं मानते।
तोगड़िया ने हज सब्सिडी देने के सरकार के निर्णय पर भी प्रहार किए। कहा कि हिंदुओं के टैक्स से मुसलमानों को हज सब्सिडी दी जा रही है यह उचित नहीं है।इसपर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए। कहा कि देश ने तुष्टीकरण की नीति का बड़ा नुकसान उठाया है। अब इस देश में प्रधानमंत्री वहीं बने जो हिंदुओं की चिंता करे।
तोगड़िया के बयान को नरेंद्र मोदी सरकार पर भी हमला माना जा रहा है। पिछले दिनों गोभक्तों के बारे में प्रधानमंत्री के बयान पर तोगड़िया ने एक सभा में सार्वजनिक रूप से कहा था कि प्रधानमंत्री ने कहीं का नहीं छोड़ा। अब तो आत्महत्या का विचार आता है।
दो दिन पूर्व उन्होंने बिहार में नीतीश सरकार की ओर से शराबबंदी लागू करने का समर्थन करते हुए कहा था कि इसे पूरे देश में लागू किया जाना जरूरी है। इसके बाद लगा था कि उनके सुर नरम पड़ रहे हैं। कटिहार की सभा में उनके भाषण के बाद कांग्रेस नेता प्रेमचंद्र मिश्र ने नीतीश कुमार से शराबबंदी पर तोगड़िया के समर्थन को नाटक बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार को इस समर्थन के प्रभाव में नहीं आना चाहिए।
उन्होंने तोगड़िया जैसे नेताओं के बिहार में प्रवेश पर पाबंदी लगाने की मांग भी की। कहा कि एेसे लोग जो देश को और समाज को तोड़ने में जुटे हैं उन्हें बिहार में घुसने पर रोक लगा देनी चाहिए। उन्होंने इस आयोजन की अनुमति देने पर भी सवाल उठाए।