घर लौटे हाजी, परिजनों में खुशी
कटिहार। सउदी अरब के मक्का शरीफ से हज कर प्राणपुर के आधा दर्जन हाजी सकुशल घर लौट गये हैं। इससे परिजनो
कटिहार। सउदी अरब के मक्का शरीफ से हज कर प्राणपुर के आधा दर्जन हाजी सकुशल घर लौट गये हैं। इससे परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। प्राणपुर के केवाला गांव के आधा दर्जन हाजी रविवार को कैपिटल एक्सप्रेस ट्रेन से लाभा रेलवे स्टेशन पर उतरे। हाजियों का रेलवे स्टेशन पर ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। सउदी अरब के मक्का के समीप मीना शहर में शैतान को पत्थर मारने के दौरान हुई घटना की जानकारी लेने हेतु ग्रामीणों की भीड़ हाजी लोगों से मिलने के लिए उमड़ने लगी। केवाला गांव के हाजी अब्दुल सत्तार, बीबी उबाहार, सफीकुल इस्लाम, सैनुर खातून, सहजा गांव के मो. अयूब आलम हज कर अपने घर लौटे हैं। जागरण से बात करते हुए हाजी अब्दुल सत्तार व सफीकुल इस्लाम ने कहा कि मक्का के मीना में हुआ हादसा काफी दर्दनाक था। कुछ दिनों तक वे लोग भी दहशत में थे। धीरे-धीरे स्थिति नियंत्रण हुई। स्थानीय लोगों द्वारा हाजियों को काफी सहयोग मिला। हाजियों ने कहा कि अल्लाह का लाख-लाख शुक्र है कि वे लोग हज कर सकुशल वापस अपने वतन लौट आये। गांव के मो. असलम, मो. जमील, ताफजुल, फज्जुल करीम, मो. परवेज, अताउर रहमान, नसीम अख्तर, फरहाना खातून, मुर्शीदा खातून, मेनू खातून, सरीफुल, मो. मोकरम, मो. रिजवान, मो. अकरम, हाजियों के स्वागत में जुटे हुए थे।