सूबे में 50 हजार करोड़ से बदलेगी सड़कों की सूरत: शाहनवाज
कटिहार : मनिहारी और साहिबगंज के बीच गंगा नदी पर 2250 करोड़ की लागत से पुल निर्माण का कार्य शीघ्र शुर
कटिहार : मनिहारी और साहिबगंज के बीच गंगा नदी पर 2250 करोड़ की लागत से पुल निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैय्यद शाहनवाज हुसैन ने बुधवार को कही। वे यहां आयोजित जनकल्याण समारोह में शामिल होने आए थे। श्री शाहनवाज ने कहा कि सूबे में सड़क निर्माण को लेकर केंद्र सरकार ने 50 हजार करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इसके तहत कटिहार से मालदा के बीच सड़क का चौड़ीकरण एवं एनएच का काम कराया जाएगा। इस राशि से सड़क मार्ग पर स्थित छोटी नदियों पर पुल भी बनाये जाएंगे। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने विकास के क्षेत्र में कई नयी योजनाओं की शुरूआत की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व विरोधी दल के दुष्प्रचार के बावजूद देश प्रगति कर रहा है। बिहार में अगली सरकार एनडीए की बनेगी। विस चुनाव के पहले कुछ और दल एनडीए में शामिल हो सकते हैं। मांझी के साथ चुनावी तालमेल संबंधी सवाल के जवाब में कहा कि अभी इसको लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में मुसलमान अपने को सबसे अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। नीतीश और लालू ने बिहार को बदनाम करने का काम किया है। चुनाव के पूर्व डीएम तेरा और एसपी मेरा की तर्ज पर स्थानांतरण का खेल चला, लेकिन अब इस पर ब्रेक लगा है। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। रेल क्षेत्र में क्राति लाने का काम तेजी से किया जा रहा है। इस मौके पर पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, विधान पार्षद अशोक अग्रवाल, विधायक तारकिशोर प्रसाद, महेश पासवान, विभाषचंद्र चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण साहा राय, चंद्रभूषण ठाकुर, मनोज सिंहा, बबन झा, लोजपा जिलाध्यक्ष मो. जाहिद, रालोसपा जिलाध्यक्ष उमाकांत आनंद आदि मौजूद थे।