मांगों को लेकर होमगार्ड जवानों ने किया चक्का जाम
जागरण संवाददाता, कटिहार : बिहार रक्षावाहिनी स्वयं सेवक संघ द्वारा बुधवार को चक्का जाम कार्यक्रम के त
जागरण संवाददाता, कटिहार : बिहार रक्षावाहिनी स्वयं सेवक संघ द्वारा बुधवार को चक्का जाम कार्यक्रम के तहत सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। होमगार्ड जवान अपनी पांच सूत्री मांगों के समर्थन में चक्का जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे। रक्षावाहिनी के जवानों ने सुबह से ही कटिहार-पूर्णिया एवं कटिहार-गेड़ाबाड़ी सड़क मार्ग को मिरचाईबाड़ी हनुमान मंदिर के पास जाम कर दिया एवं प्रदर्शन करते रहे। इस मौके पर भारी संख्या में रक्षा वाहिनी जवानों ने सड़कों पर चल रही गाडि़यों के परिचालन पर पूर्णत: रोक लगा दी थी। साथ ही सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। वहीं रक्षा वाहिनी जवानों के द्वारा किसी भी तरह के वाहन को प्रतिबंधित रखा गया था। रक्षा वाहिनी संघ पूर्व में ही अपने हथियार जमा करवा दिये हैं तथा मांग पूरी नहीं होने तक ड्यूटी का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। इसके तहत पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को लेकर बुधवार को चक्का जाम किया गया। इस मौके पर बिहार रक्षा वाहिनी स्वयं सेवक संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, उपाध्यक्ष रामदेव यादव, अजीत कुमार झा, सचिव कुमार हीरा प्रसाद सिंह, दिलीप कुमार सिंहा, संगठन सचिव वीरेंद्र कुमार शर्मा, महेंद्र झा, गणेश लाल यादव, श्यामलाल मंडल, कपिल प्रसाद यादव, रंजीत सिंह, सखेन्दर शर्मा, उपेंद्र नारायण चौधरी, प्रकाश नारायण मंडल, उगेंद्र मंडल, रामलखन महतो, विशुनदेव कुमार सहित भारी संख्या में रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे।
जाम से परेशान रहे लोग : गृहरक्षा वाहिनी द्वारा मांगों के समर्थन में चक्का जाम किये जाने के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। सड़क मार्ग पूर्णत: बाधित रहने के कारण बसों एवं निजी वाहनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। वहीं रेलवे स्टेशन एवं अन्य जगहों पर जाने के लिए लोगों को पैदल ही निकलना पड़ा। वहीं जाम के कारण दिन भर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।