भूकंप से मची अफरा तफरी
जागरण संवाददाता कटिहार : भूकंप के झटके से लोगों में भय का माहौल इस कदर समा चुका है कि लोगों की रातों
जागरण संवाददाता कटिहार : भूकंप के झटके से लोगों में भय का माहौल इस कदर समा चुका है कि लोगों की रातों की नींद हराम हो गयी है। भूकंप के आने के भय से लोग रतजगा कर रहे हैं। वहीं मंगलवार से लगातार प्राकृतिक आपदाओं का दंश झेल रहे लोगों की बेचैनी लगातार बढ़ रही है। सोमवार को सुबह साढ़े दस बजे मामूली झटके महसूस किए गये। लेकिन उसके बाद आकाश में छाये बादल के बाद हुयी बारिश के कारण लोगों में डर और गहरा गया है। एक तो भूकंप का झटका दूसरी तरफ मौसम विभाग द्वारा बारिश की संभावना व्यक्त किए जाने के कारण लोगों में दहशत व्याप्त है। वहीं शाम के सवा छह बजे फिर से भूकंप का झटका महसूस किया गया और लोगों में अफरा तफरी मच गई। लोग सड़कों पर बदहवास भागने लगे। अभी लोग संभले भी नहीं थे कि पुन: आठ बजकर दस मिनट में फिर से हल्का झटका महसूस किया गया। लगातार आ रहे झटके के कारण लोगों में भय का माहौल है। लोग खुले जगहों पर आश्रय लिए हुए हैं। लोगों में दहशत लगातार गहराता जा रहा है।
घरों से निकल सड़क पर आए लोग :
शाम के ्रसवा छह बजे भूकंप का झटका महसूस होते ही फिर से अफरा तफरी मच गई। लोग बसों से उतकर भागने लगे। लोग घरों से निकलकर खाली जगहों पर निकल आए। सड़कों पर अफरा तफरी का माहौल देखा गया। वहीं अस्पतालों में भी भगदड़ मचने से मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार महसूस किये जा रहे भूकंप के झटके के कारण बच्चों की तबीयत लगातार बिगड़ रही है। वहीं हृदय रोग और रक्तचाप की बीमारी से ग्रसित लोगों की परेशानी बढ़ने के कारण कई लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आम लोगों में भी सिर चकराने और उल्टी की शिकायत देखने को मिल रही है।