मांझी बरसाती बुलबुला
जागरण संवाददाता, कटिहार: राजनीति के बरसाती बुलबुले की तरह जीतन राम मांझी उछल कूद मचा रहे हैं। जल्दी
जागरण संवाददाता, कटिहार: राजनीति के बरसाती बुलबुले की तरह जीतन राम मांझी उछल कूद मचा रहे हैं। जल्दी ही इस बुलबुले की हवा निकल जाएगी। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने रविवार को कटिहार में उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी पर रहते हुए मांझी ने पद की गरिमा का ख्याल नहीं रखा। अनर्गल बयानबाजी के कारण राज्य की छवि भी प्रभावित हुयी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश राजनीतिक संकट के दौर से गुजर रहा है। राजनीतिक विकल्प के अभाव में ही दिल्ली में भाजपा की सरकार बन पायी। उन्होंने कहा कि जदयू, राजद एवं सपा जैसी पार्टियों के साथ विलय को लेकर वार्ता का दौर शुरू कर दिया है। जल्द ही विलय का दृश्य सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार कारपोरेट घराने की सरकार बनकर रह गयी है। भूमि अधिग्रहण बिल किसान और देश के हित में नहीं है। इसके कारण देश के किसान सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। मोदी सरकार देश में अराजक स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रही है। उद्योग लगाने के लिए अधिग्रहित की गयी जमीन पर इस दिशा में कोई काम नहीं किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बुलेट ट्रेन चलाने की योजना के पहले रेलवे में संसाधन और यात्री सुविधा बढ़ाए जाने पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में एक बार फिर विकास की गाड़ी दौड़ाने का काम प्रारंभ हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष ने जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक मुद्दों पर भी विचार विमर्श किया। इस मौके पर जदयू के ग्रामीण जिला अध्यक्ष सूर्यदेव मंडल, नगर जिला अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मोजीबुर रहमान, श्रीकांत मंडल, प्रमोद साह, मो. अशरफ, प्रमोद राय, संजीव श्रीवास्तव, आशीष बलिदानी, जयलाल कुशवाहा, रवि साह, हबीबुर रहमान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।