एक स्कूल में दो प्रधान, 30 दिन से एमडीएम ठप
संवाद सूत्र, हसनगंज (कटिहार) : प्रखंड में स्कूलों की व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। बानगी देखिए
संवाद सूत्र, हसनगंज (कटिहार) : प्रखंड में स्कूलों की व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। बानगी देखिए, यहां एक ही विद्यालय में दो प्रधानाध्यापक कार्यरत हैं। फलाफल तीस दिन से यहां एमडीएम ठप है और चावल में कीड़े लग गये हैं। ढेरूवा पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय फरही में दो प्रधानाध्यापक एक साथ कार्य कर रहे हैं। पद की इस लड़ाई के चलते चावल व राशि के रहते करीब एक माह से एमडीएम बंद है। एक प्रधानाध्यापक रेणु पासवान का कहना है कि पूर्व प्रधानाध्यापक सुशील कुमार यादव ने 13 फरवरी 2015 को स्थानांतरण के चलते उन्हें सम्पूर्ण प्रभार सौंप दिया। जबकि शिक्षक मनोज कुमार मंडल द्वारा जालसाजी कर खुद को प्रधानाध्यापक बताया जा रहा है। वहीं दूसरे प्रधानाध्यापक मनोज कुमार मंडल ने कहा की श्री यादव द्वारा मुझे प्रभार दिया गया है। छात्र व अन्य शिक्षकों का कहना है कि विद्यालय में दो प्रधानाध्यापक है। दोनों के आदेश का पालन किया जाता है। रसोईयां भारती देवी ने बताया कि दो प्रधानाध्यापक के चक्कर में चावल खराब हो रहा है। कहा गया है कि जब तक फैसला नहीं हो जाता है एमडीएम बदं रहेगा। तात्कालिक प्रधानाध्यापक सुशील कुमार यादव ने दूरभाष पर बताया कि शिक्षक मनोज कुमार मंडल दो-तीन माह से प्रखंड मुख्यालय में प्रतिनियुक्त था। उन्होंने वरीयता के आधार पर रेणु पासवान को प्रभार दे दिया। इधर प्रखंड विकास पदाधिकारी मिथिलेश प्रसाद ने कहा कि एक ही विद्यालय में दो प्रधानाध्यापक और चावल राशि उपलब्ध होने के बावजूद एमडीएम का बंद रहना गंभीर बात है। इसकी जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रखंड क्षेत्र के विद्यालयों में अनियमितता आम बात हो गयी है। कुछ दिन पूर्व रामपुर पंचायत के प्राथमिक विद्यालय कोरगामा में चावल व राशि उपलब्ध रहने के बावजूद एमडीएम बंद था। प्रधानाध्यापक संतोष कुमार मंडल बीआरसी जाने की बात कह सारा दिन विद्यालय से गायब थे। इसी विद्यालय में शिक्षकों की अनियमितता को लेकर बीते वर्ष दर्जनों ग्रामीण, अभिभावकों ने तत्कालीन बीडीओ अजय कुमार को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी। दूसरी ओर मध्य विद्यालय महमदिया के प्रधानाध्यापक अनिल कुमार साह सूचना पंजी में बैंक कार्य दर्शाकर विद्यालय से गायब रहे। जबकि उन्हें इटवा में विदाई समारोह में देखा गया। ज्ञापांक 234, दिनांक 17 मई 2014 को बीइईओ द्वारा दिलीप कुमार मंडल को वरीय शिक्षिका लवली शर्मा को संपूर्ण प्रभार देने का कार्यालय आदेश निर्गत किया गया था। जिसका अनुपालन नहीं किया गया। यानि शिक्षकों को पदाधिकारी का भी भय नहीं रह गया है।